भाई कन्हैया आश्रम सिरसा के संचालक दिव्यांग गुरविंदर सिंह का अश्लील वीडियो बनाकर उनको ब्लैकमेल कर 2 लाख रुपए लेने पहुंची एक नर्स और उसके पति को मौके पर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों से चार लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर ली है। पीड़ित ने दो लाख रुपये पहले ही दे दिए। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ की तो आरोपितों से चार लाख रुपये बरामद हो गए है। अब पुलिस आरोपितों को कोर्ट में पेश करेगी।
सिरसा में मंदबुद्धि लोगों की देखभाल के लिए करीब 17 साल से भाई कन्हैया आश्रम चलाया जा रहा है। आश्रम के संचालक गुरविंदर सिंह हैं और वे दिव्यांग बताए जाते हैं। फतेहाबाद के गांव दरियापुर की नर्स किरण और उसके पति अशोक पर आश्रम संचालक को ब्लैकमेल करने के आरोप लगे हैं।
गुरविंदर सिंह ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि कई साल पहले उसका एक्सीडेंट हो गया था और उनके धड़ से नीचे का शरीर काम नहीं करता। जिस कारण वह अपनी दैनिक क्रिया भी दूसरों के सहारे ही करते रहे हैं। 17 सालों से वह मंदबुद्धि लोगों के लिए सिरसा में भाई कन्हैया आश्रम चला रहे हैं। इस आश्रम में 10 से 15 व्यक्ति और महिलाएं काम करती हैं। दरियापुर से एक महिला किरण भी इस आश्रम में नर्स का काम करती है।
किरण उनके एक्सीडेंट के बाद उनकी देखभाल के लिए उनके घर भी आती रही है। महिला अपने पति अशोक को आश्रम में बतौर मैनेजर नियुक्त करवाना चाहती थी। उन्होंने इस को लेकर मना कर दिया था। इसके बाद वह उनसे रंजिश रखने लगी। 17 जनवरी को जब अपने घर पर अकेले थे तो किरण उसके घर आई। उसका पति अशोक भी उसके साथ था।
गुरविंदर का आरोप है कि किरण उसके कमरे में आकर उसके ऊपर लेट गई और उसके पति ने उसकी वीडियो बनानी शुरू कर दी। इसके बाद उसे दोनों ब्लैकमेल करने लगे। उससे दो लाख रुपए की मांग की गई। रुपए न देने पर उसका वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। उसने दोनों को बाद में रुपए देने की बात कहकर घर से भेज दिया।
गुरविंदर का कहना है कि इसके बाद उसने अपने साथी हरदेव को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने दरियापुर जाकर 2 लाख रुपए उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों ने उनसे और रुपए मांगे तो उन्होंने इस मामले की शिकायत फतेहाबाद पुलिस को दी। उनको लगने लगा था कि दोनों उनको ब्लैकमेल करने का पक्का इरादा किए हुए हैं ओर बार बार रुपए मांगे जाएंगे।
पुलिस ने दोनों को रंगे हाथ काबू करने की योजना बनाई। गुरविंदर ने अपने दोस्त हरदेव को 2 लाख रुपए देकर गांव दरियापुर में नर्स और उसके पति को देने के लिए भेजा। दोनों ने 2 लाख रुपए ले लिए तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अशोक और उसकी पत्नी नर्स किरण को रंगे हाथ काबू कर लिया। पुलिस ने उनसे चार लाख रुपए भी बरामद कर लिए हैं। दो लाख रुपए उनको पहले दिए गए थे। एसपी सुरेंद्र सिंह भोरिया ने बताया कि इस मामले में दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चार लाख रुपए भी बरामद कर लिए है।
