सोनीपत के खरखौदा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बिजली विभाग के एक लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दुकान-कम-ऑफिस में बिजली का मीटर लगवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

ACB के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता से पहले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ। इसमें से 10 हजार रुपये आरोपी को पहले ही दिए जा चुके थे।

इसके बाद आरोपी ने बाकी 15 हजार रुपये लेने के लिए शिकायतकर्ता को बुलाया। शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी ACB को दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB भिवानी की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।

15 हजार रुपये लेते ही दबोचा

ACB टीम ने शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम के साथ आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी ने 15 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद ACB टीम आरोपी को खरखौदा थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

दूसरे कर्मचारियों की भूमिका भी जांचेगी ACB

ACB अब यह पता लगाने में जुटी है कि मीटर लगाने के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने में आरोपी अकेला शामिल था या बिजली निगम के किसी अन्य कर्मचारी की भी भूमिका थी।

जांच टीम शिकायत से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

मामले की आगे की जांच ACB भिवानी की टीम कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!