सिरसा:नागरिक अस्पताल के नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU/नर्सरी) से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां भर्ती चार दिन के एक नवजात बच्चे को चींटियों ने काट लिया। सोमवार देर रात करीब ढाई बजे जब बच्चे की मां उसे दूध पिलाने नर्सरी पहुंची, तो बिस्तर पर बड़ी संख्या में चींटियां घूमती देख उसके होश उड़ गए।
परिजनों ने जब बच्चे को उठाकर देखा तो उसकी पीठ पर चींटियों के काटने के कई लाल निशान बने हुए थे। इस गंभीर लापरवाही से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और ड्यूटी स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने घटना का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
