सिरसा जिले में कसाबा माइनर के पास मिले 21 वर्षीय युवक अंकित के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस जांच के अनुसार, राजस्थान के नोहर क्षेत्र के फेफाना गांव निवासी अंकित की हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई। मामले में पुलिस ने युवती ममता और उसके भाई राकेश को गिरफ्तार कर लिया है। राकेश को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि ममता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, अंकित और सिरसा के जमाल गांव निवासी ममता की मुलाकात करीब तीन-चार महीने पहले बस में हुई थी। ममता सिरसा स्थित एक आश्रम में नौकरी करती थी और रोज बस से गांव आती-जाती थी। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होने लगी।

जांच में सामने आया कि दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवारों और गांव की पंचायत तक पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार शादी के लिए भी तैयार हो गए थे। इसके बाद अंकित का जमाल गांव आना-जाना शुरू हो गया।

पुलिस के मुताबिक, ममता का भाई राकेश इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। आरोप है कि 25 जुलाई को अंकित के जमाल गांव पहुंचने पर राकेश अपने साथियों के साथ उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इसके बाद 26 जुलाई की रात आरोपियों ने शव को कसाबा माइनर में फेंक दिया।

पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी ममता को भी थी, लेकिन उसने इसकी सूचना किसी को नहीं दी। अंकित के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को ममता का नाम बताया। इसके बाद जांच उसी दिशा में आगे बढ़ी। जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन अंकित की ममता से फोन पर बातचीत हुई थी और उसे गांव बुलाया गया था।

अंकित के परिवार की कहानी भी बेहद दर्दनाक है। उसके माता-पिता और छोटे भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अपने ताऊ के बेटे सुरेश कुमार के पास रहता था, जो उसकी आर्थिक मदद करते थे। अंकित की मौत के बाद परिवार में कोई वारिस नहीं बचा।

दूसरी ओर, गिरफ्तार ममता और उसका भाई राकेश भी अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और अब दोनों के जेल जाने के बाद उनकी मां घर में अकेली रह गई हैं।

मल्लेकां चौकी प्रभारी एसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि राकेश और ममता के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। राकेश से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!