हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ड्यूटी के दौरान हरियाणा पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। डायल-112 की ईआरवी (ERV) टीम पर तैनात हेड कांस्टेबल शिकायत पर कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान बीच सड़क खड़े वाहन को हटवाने के दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत पर पहुंचे थे मौके पर
मृतक की पहचान पानीपत के समालखा क्षेत्र के नामुंडा गांव निवासी हेड कांस्टेबल देवी दयाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, देर रात डायल-112 पर शिकायत मिलने के बाद देवी दयाल अपनी ईआरवी टीम के साथ कुंडली स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंचे। वहां एक वाहन बीच सड़क खड़ा था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।
वाहन हटवाते समय हुआ हादसा
यातायात सुचारु कराने के लिए जैसे ही हेड कांस्टेबल देवी दयाल वाहन से नीचे उतरे, पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
साथी पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
रात एक बजे परिवार को मिली सूचना
मृतक के भाई अर्जुन ने बताया कि रात करीब एक बजे पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और बताया कि देवी दयाल ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हो गए हैं। परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां उन्हें उनके निधन की जानकारी मिली। परिजनों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहन चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
20 वर्षों से हरियाणा पुलिस में थे तैनात
परिजनों के मुताबिक, देवी दयाल करीब 20 वर्षों से हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर सेवाएं दे रहे थे। वह डायल-112 की ईआरवी टीम में तैनात थे और अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे थे।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
देवी दयाल अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
कुंडली थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

