गुरुग्राम में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के चर्चित मामले में आरोपी वर्षा को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं। वर्षा के दूसरे पति और लैब संचालक सचिन सिंह राजपूत ने दावा किया है कि वह सुनियोजित तरीके से पुरुषों को अपने जाल में फंसाती थी। पहले उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाती और फिर समझौते के नाम पर शादी या संपत्ति की मांग करती थी।
सचिन का आरोप है कि वर्षा ने इसी तरीके से तीन शादियां कीं। उसने दूसरे पति से कानूनी रूप से तलाक लिए बिना ही रियल एस्टेट कारोबारी संदीप से तीसरी शादी कर ली। इतना ही नहीं, शादी के बाद भी उसने संदीप से अपने रिश्ते को छिपाकर रखने के लिए लोगों के सामने खुद को भाई-बहन बताने तक को कहा।
रिसेप्शनिस्ट से शुरू हुई कहानी
सचिन सिंह राजपूत ने बताया कि वर्षा उनकी गुरुग्राम स्थित लैब में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर नौकरी करती थी। शुरुआती कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में लैब के लेन-देन में गड़बड़ियां सामने आने लगीं। गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे नौकरी से हटा दिया गया।
झूठे केस में फंसाने का आरोप
सचिन के मुताबिक, नौकरी से हटाए जाने के बाद वर्षा ने बदला लेने की ठान ली। उसने उनके भतीजे को अपने जाल में फंसाया और कंपनी के दस्तावेज हासिल किए। इसके बाद उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाया गया। सामाजिक और कानूनी दहनीट्रैप मास्टरमाइंडबाव के कारण उन्हें मजबूरी में वर्षा से शादी करनी पड़ी।
समझौते के बदले मांगी लैब
सचिन ने दावा किया कि उनकी लैब से हर महीने करीब 15 लाख रुपए की आय होती है। वर्षा ने रेप केस वापस लेने और समझौता करने के बदले पूरी लैब अपने नाम कराने की मांग रखी। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। जांच में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे पाए गए और दर्ज एफआईआर भी खारिज कर दी गई।
तीसरे पति से 2 करोड़ का फ्लैट खरीदवाने की थी तैयारी
सचिन का आरोप है कि उनके बाद वर्षा ने रियल एस्टेट कारोबारी संदीप को निशाना बनाया। उसने संदीप से करीब 2 करोड़ रुपए का फ्लैट खरीदवाने की योजना भी बनाई थी। हालांकि, इस बीच पुलिस पहले से ही सचिन की शिकायत की जांच कर रही थी।
वर्षा के खिलाफ दर्ज हुई FIR
पुलिस जांच में झूठी शिकायत देने के आरोप सामने आने के बाद वर्षा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

