ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हरियाणा के मुक्केबाजों ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। भारत के अब तक पक्के हुए 10 पदकों में से 7 पदक अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने सुनिश्चित कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इन सात पदकों में भिवानी के पांच और हिसार-हांसी के दो मुक्केबाज शामिल हैं।

60 किलोग्राम भार वर्ग में भारतीय सेना के मुक्केबाज सचिन सिवाच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बोत्सवाना के खिलाड़ी को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और पदक पक्का किया। अब फाइनल में पहुंचने के लिए उनका मुकाबला वेल्स के मुक्केबाज से होगा।

महिला वर्ग में साक्षी चौधरी ढांडा ने 51 किलोग्राम में ऑस्ट्रेलिया की खिलाड़ी को 5-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। वहीं जैसमिन लांबोरिया ने 57 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में 4-1 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

80 किलोग्राम भार वर्ग में अंकुश पंघाल ने सेशेल्स के मुक्केबाज को एकतरफा 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए एक और पदक पक्का किया।

इसके अलावा 90+ किलोग्राम सुपर हेवीवेट वर्ग में नरेंद्र बेरवाल ने इंग्लैंड के मुक्केबाज को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब उनकी नजर स्वर्ण पदक जीतने पर है।

हरियाणा के मुक्केबाजों के शानदार प्रदर्शन से पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है और अब सभी की उम्मीदें इन खिलाड़ियों से स्वर्ण पदक जीतने की हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!