नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक से हटाया गया वीडियो Meta ने दोबारा रीस्टोर कर दिया है। कंपनी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि वीडियो तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलती से हट गया था। इसके बाद वीडियो फिर से प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिया गया।
यह वीडियो प्रधानमंत्री मोदी ने 23 जुलाई को जारी किया था, जिसमें उन्होंने देश के छात्रों और युवाओं को संबोधित करते हुए पेपर लीक को गंभीर समस्या बताया था। उन्होंने कहा था कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
वीडियो कुछ समय के लिए फेसबुक पर उपलब्ध नहीं था, जिस पर सवाल उठने लगे। इस बीच, न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय (MeitY) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए Meta के ग्लोबल हेड और कंपनी के ग्लोबल पब्लिक पॉलिसी प्रमुख को तलब किए जाने की जानकारी दी है।
प्रधानमंत्री ने इसके बाद 24 और 26 जुलाई को भी छात्रों और परीक्षा सुधार से जुड़े विषयों पर वीडियो संदेश जारी किए। 26 जुलाई को उन्होंने परीक्षा सुधार के लिए हाई-पावर्ड टास्क फोर्स के गठन की घोषणा की, जिसकी अध्यक्षता इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है और दोषी जेल में हैं।
