रोहतक 21 जुलाई! दिल्ली में अपने अधिकारों और जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की घटना पर रोहतक विधायक भारत भूषण बत्रा ने कड़ा रोष जताते हुए इसे लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।

जारी बयान में विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि देश का युवा आज रोजगार, शिक्षा और अपने बेहतर भविष्य की मांग कर रहा है। ये कोई अपराध नहीं, बल्कि युवाओं का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा, “ये हमारे ही बच्चे हैं। ये देश का भविष्य हैं। इनके हाथों में किताबें और रोजगार होना चाहिए, उन पर लाठियां न्ही भांजी जानी चाहिए ! शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे छात्रों पर पुलिस की बर्बर लाठियां बरसाना किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए शर्मनाक है।”
उन्होंने कहा कि पढ़े लिखे युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाने से समस्याएं खत्म नहीं होंगी। सरकार को बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती में देरी और शिक्षा से जुड़े सवालों का जवाब देना होगा। लोकतंत्र में सवाल पूछने वालों पर लाठीचार्ज नहीं, बल्कि उनके सवालों का जवाब दिया जाता है।
विधायक बत्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार देश के युवाओं और छात्रों की आवाज को मजबूती से उठा रही है। ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं के अधिकारों और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सांसद चौधरी दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक बुलंद कर रहे हैं। कुरुक्षेत्र में छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर आवाज उठाने पहुंचे सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार ने भी सरकार की संवेदनहीनता को उजागर किया था। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा युवाओं के हक की लड़ाई में लगातार संघर्ष कर रहे हैं और हरियाणा का युवा उनके संघर्ष को देख रहा है।
विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी ने हमेशा युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाई है। जब राहुल गांधी जी युवाओं और जनता की आवाज बनने के लिए सड़कों पर उतरते हैं, तो उन्हें पुलिस द्वारा घसीटकर उठाया जाता है। उन्होंने कहा, “देश के नेता प्रतिपक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र की गरिमा के खिलाफ है। राहुल गांधी जी को रोकने से उनकी आवाज नहीं रुकेगी और न ही देश के युवाओं की आवाज दबाई जा सकेगी।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का संघर्ष किसी व्यक्तिगत राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य, रोजगार, शिक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता और नेता इस संघर्ष में युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा है।
विधायक बत्रा ने कहा कि सरकार को अपनी ताकत लाठी और पुलिस के बल पर दिखाने के बजाय अपने ही देश के युवाओं के सवालों का समाधान करना चाहिए। “लाठीचार्ज से आवाजें कुछ समय के लिए दबाई जा सकती हैं, लेकिन सवाल खत्म नहीं किए जा सकते। आज देश का युवा जवाब मांग रहा है और कांग्रेस पार्टी युवाओं की इस आवाज को सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत के साथ उठाती रहेगी।”

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!