कॉकरोच जनता पार्टी आज दिल्ली के जंतर-मंतर से हजारों लोगों के साथ अपना प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च कर रही है। इस बीच अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के चलते सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने CJP के ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल होने के लिए आज सफदरजंग अस्पताल प्रशासन को चिट्ठी लिखकर कुछ समय के लिए अस्पताल छोड़ने की इजाजत मांगी है। बता दें कि, संसद मार्च के दौरान जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शनकारियों की RPF के जवानों से झड़प हो गई। हालात को काबू करने के लिए पुलिस और RPF को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया। सीजेपी के ‘संसद मार्च’ को देखते हुए दिल्ली पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। हालांकि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आज भी सभी प्रदर्शनकारियों से ‘संसद मार्च’ को शांतिपूर्ण रखने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के संसद मार्च से पहले नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। सीजेपी नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रभावित छात्रों को न्याय देने की मांग को लेकर 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। अभिजीत दीपके की रातभर धरनास्थल पर डटे रहने की अपील के बाद रविवार को ही बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर पर पहुंच गए थे और सोमवार को प्रस्तावित ‘संसद चलो’ मार्च से पहले वहां बैनर लगाकर नारेबाजी की। दिल्ली में आज से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन सड़क से लेकर संसद तक भारी हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। संसद का यह मॉनसून सत्र 13 अगस्त तक चलेगा।

सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने अब से कुछ देर पहले ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि सुबह के 11:52 बजे हैं। आशुतोष रांका और मैं ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की ओर से जे.पी. नड्डा से मिलने जा रहे हैं। सरकार ने सुबह बातचीत के लिए संपर्क किया था। हमारी मांगें साफ हैं। बड़ी संख्या में युवा इकट्ठा हुए हैं।

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने CJP के संसद चलो मार्च में शामिल होने के लिए आज सफदरजंग हॉस्पिटल के डायरेक्टर/मेडिकल सुपरिटेंडेंट को चिट्ठी लिखकर उनसे अस्पताल छोड़ने की इजाजत मांगी है। उन्होंने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि मुझे यह बताना है कि मैं आज बहुत ठीक महसूस कर रहा हूं और मेरे हेल्थ पैरामीटर्स भी काफी नॉर्मल दिख रहे हैं। इसलिए मैं आपसे रिक्वेस्ट करता हूं कि कृपया मुझे हॉस्पिटल छोड़ने की इजाजत दें, भले ही कुछ समय के लिए ताकि मैं आज पार्लियामेंट तक होने वाले ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल हो सकूं। मैं आपका बहुत आभारी रहूंगा।

दिल्ली पुलिस द्वारा कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च को रोके जाने के बीच CJP प्रदर्शनकारी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के अंदर जमा होकर नारेबाजी कर रहे हैं। हालांकि, डीएमआरसी ने पहले ही राजीव चौक समेत 5 मेट्रो स्टेशनों को यात्रियों के लिए बंद कर दिया है।

दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच आज दोपहर 2:30 बजे सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि अंग्मो की अपील पर सुनवाई करने के लिए राजी हो गई है। चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की बेंच इस अपील पर सुनवाई करेंगे। गीतांजलि अंग्मो ने अपील में सिंगल जज के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से उनकी पसंद के प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने से इनकार कर दिया गया था।

संसद मार्च के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को डीसीपी के ऑफिस ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम सरकार से बातचीत कर रहे हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने संसद मार्च के बीच आज सभी प्रदर्शनकारियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील है। CJP ने एक पोस्ट कर लिखा ”आप जहां भी हैं, कृपया शांत रहें! कई मेट्रो स्टेशन बंद होने के कारण पुलिस आप में से कुछ लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर रही है। अगर आपको कहीं पर रोका भी जाए, तो भी शांत रहें और संयम बनाए रखें। हम शांति और प्यार से ही जीतेंगे! जय हिंद!”

आम आदमी पार्टी (आप) के कई बड़े नेता भी आज CJP के संसद मार्च में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और ‘आप’ सांसद संजय सिंह अनेक कार्यकर्ताओं के साथ संसद की ओर कूच कर रहे हैं।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के संसद मार्च के लिए जमा हुए प्रदर्शनकारियों की RPF के जवानों से झड़प हो गई। हालात को काबू करने के लिए पुलिस और RPF ने प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर पीछे खदेड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!