नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा टोल शुल्क में संशोधन किए जाने के बाद हरियाणा के प्रमुख टोल प्लाजाओं पर नई दरें लागू कर दी गई हैं। मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि से करनाल, कुरुक्षेत्र और हिसार के विभिन्न टोल प्लाजाओं पर वाहन चालकों को पहले की तुलना में अधिक टोल टैक्स देना पड़ रहा है। नई दरों के तहत कार, जीप, बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों के टोल शुल्क में 5 रुपये से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।टोल दरों में हुई इस वृद्धि का सीधा असर निजी वाहन चालकों के साथ-साथ मालवाहक और व्यावसायिक परिवहन से जुड़े लोगों पर पड़ेगा। नई दरें लागू होने के बाद लंबी दूरी का सफर करने वाले वाहन चालकों की परिवहन लागत में भी इजाफा होने की संभावना है।करनाल क्षेत्र के टोल प्लाजाओं पर लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) और लाइट गुड्स व्हीकल (LGV) के लिए सिंगल जर्नी शुल्क 320 रुपये तथा डबल जर्नी शुल्क 480 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं बस और ट्रक चालकों को अब सिंगल जर्नी के लिए 670 रुपये तथा डबल जर्नी के लिए 1005 रुपये चुकाने होंगे। थ्री एक्सल वाहनों के लिए सिंगल जर्नी शुल्क 730 रुपये और डबल जर्नी शुल्क 1095 रुपये तय किया गया है।उधर, कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा स्थित हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर थाना टोल प्लाजा में करीब तीन माह के भीतर दूसरी बार टोल दरों में वृद्धि की गई है। इससे पहले 27 मार्च को भी टोल शुल्क बढ़ाया गया था। इस बार कार, जीप, वैन और अन्य हल्के निजी वाहनों की सिंगल और डबल जर्नी दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि लाइट कमर्शियल वाहनों से लेकर 7 एक्सल से अधिक क्षमता वाले भारी वाहनों तक की विभिन्न श्रेणियों में 5 रुपये से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।हिसार के रामायण टोल प्लाजा पर भी नए टोल रेट लागू कर दिए गए हैं। मंगलवार रात 12 बजे से प्रभावी हुई नई दरों के तहत कार, बस, ट्रक और बड़े व्यावसायिक वाहनों के टोल शुल्क में 5 रुपये से 30 रुपये तक का इजाफा किया गया है। इससे निजी वाहन चालकों के अलावा व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े परिवहन क्षेत्र पर भी अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।नए टोल शुल्क के अनुसार 4 से 6 एक्सल वाले हैवी कमर्शियल व्हीकल (HCM) के लिए सिंगल जर्नी शुल्क 1050 रुपये और डबल जर्नी शुल्क 1575 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं 7 या उससे अधिक एक्सल वाले भारी वाहनों को सिंगल जर्नी के लिए 1275 रुपये तथा डबल जर्नी के लिए 1915 रुपये का भुगतान करना होगा। टोल प्रशासन के अनुसार डबल जर्नी का लाभ केवल 24 घंटे के भीतर वापसी करने वाले वाहनों को ही मिलेगा।टोल दरों में हुई इस बढ़ोतरी के बाद प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों को अब पहले की तुलना में अधिक खर्च वहन करना पड़ेगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!