हरियाणवी डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी तथा हरियाणवी कलाकार अनु कादियान उर्फ एके जट्टी को लेकर जाट आरक्षण हिंसा मामलों में फरार चल रहे धर्मेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया पर एक लंबा वीडियो जारी किया है। वीडियो में उन्होंने दोनों कलाकारों पर कई गंभीर आरोप लगाए और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही दावा किया कि हरियाणा में डांस और सोशल मीडिया के जरिए फैली कथित अश्लीलता और फूहड़ता के लिए यही लोग जिम्मेदार हैं।
हालांकि, वीडियो में किए गए सभी आरोप और दावे धर्मेंद्र हुड्डा के हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही सपना चौधरी, अनु कादियान या अन्य संबंधित पक्षों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
सपना चौधरी पर लगाए गंभीर आरोप
वीडियो की शुरुआत में धर्मेंद्र हुड्डा ने सीधे सपना चौधरी का नाम लेते हुए उन पर हरियाणा और उत्तर भारत में डांस के नाम पर कथित रूप से फूहड़ता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सपना चौधरी की लोकप्रियता के बाद हरियाणा में डांस संस्कृति का स्वरूप बदल गया और सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट बढ़ा।
इसके अलावा उन्होंने सपना चौधरी के एक पुराने पॉडकास्ट में पुरुषों को लेकर दिए गए कथित बयान का भी जिक्र किया और उस पर टिप्पणी की। वीडियो में उन्होंने सपना चौधरी के निजी जीवन और करियर को लेकर भी कई दावे किए।
एके जट्टी पर भी टिप्पणी
धर्मेंद्र हुड्डा ने हरियाणवी कलाकार अनु कादियान (एके जट्टी) को लेकर भी कई व्यक्तिगत आरोप लगाए। वीडियो में उन्होंने उनके निजी जीवन से जुड़े दावे किए, जिनकी किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
वीर साहू और पारिवारिक जीवन का भी किया जिक्र
वीडियो में धर्मेंद्र हुड्डा ने सपना चौधरी और उनके पति वीर साहू के रिश्ते का भी उल्लेख किया। उन्होंने दोनों के वैवाहिक जीवन और सोशल मीडिया पर हुई चर्चाओं को लेकर कई दावे किए। साथ ही यह भी कहा कि सपना चौधरी पर करोड़ों रुपये के धोखाधड़ी से जुड़े मामले हैं। इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
‘फूहड़ता और अश्लील कंटेंट के खिलाफ मुहिम’ का दावा
धर्मेंद्र हुड्डा ने कहा कि उन्होंने पहले ऑनलाइन सट्टे के प्रमोशन के खिलाफ अभियान चलाया था और अब हरियाणा में कथित अश्लील कंटेंट, अभद्र डांस और नशे के खिलाफ अभियान शुरू कर रहे हैं। उनका दावा है कि सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वालों के खिलाफ भी वह लगातार आवाज उठाएंगे।
उन्होंने हरियाणवी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कलाकारों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि उनके पास ऐसे लोगों की सूची है और जल्द ही उनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।
मयूरी गहलोत का भी लिया नाम
वीडियो में धर्मेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मयूरी गहलोत का नाम लेते हुए भी टिप्पणी की और कहा कि वह उनके खिलाफ भी अभियान जारी रखेंगे। उन्होंने दावा किया कि अश्लील कंटेंट के खिलाफ उनकी मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
लोगों से समर्थन की अपील
वीडियो के अंत में धर्मेंद्र हुड्डा ने लोगों से उनका साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा से कथित फूहड़ता, अश्लील कंटेंट और नशे जैसी बुराइयों को खत्म करने के लिए वह अभियान चला रहे हैं और इसमें जनता का सहयोग चाहते हैं।
कौन हैं धर्मेंद्र हुड्डा?
धर्मेंद्र हुड्डा रोहतक जिले के खिडवाली गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 2016 के जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों में वह आरोपी रहे हैं और लंबे समय तक जेल में भी रहे। बाद में कोर्ट की कार्यवाही के दौरान विदेश चले गए, जिसके बाद उन्हें घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित किया गया। किसान आंदोलन के दौरान भी वह सक्रिय रहे थे।
