हरियाणा के रेवाड़ी में गुरुवार शाम एक युवती ने ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा किया कि पेट्रोल पंप से शुरू हुआ हंगामा थाने और अस्पताल तक पहुंच गया। करीब 5 घंटे तक चले घटनाक्रम में पुलिस, परिजन और अस्पताल स्टाफ युवती को संभालने की कोशिश करते रहे। बताया जा रहा है कि युवती नशे की हालत में थी। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे झज्जर चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर युवती अपने 2-3 दोस्तों के साथ पहुंची। आरोप है कि उसने वहां कैशियर का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। पेट्रोल पंप संचालक राजू के मुताबिक, समझाने की कोशिश करने पर युवती उनसे भी उलझ गई। इसी दौरान उसके साथ आए युवक मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवती ने पुलिसकर्मियों के साथ भी बहस और हंगामा किया। पुलिस उसे सिटी थाना ले गई, जहां परिजनों को बुलाया गया। परिजनों के समझाने के बावजूद युवती शांत नहीं हुई और वहां भी हंगामा करती रही।
इसके बाद मेडिकल जांच के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि अस्पताल में भी युवती ने डॉक्टरों और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि नाराज डॉक्टरों ने उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग तक कर दी। बाद में परिजन युवती को अपने साथ घर ले गए।
सिटी थाना एसएचओ सूबे सिंह ने बताया कि युवती का हंगामा रात करीब 11 बजे तक चलता रहा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और युवती व उसके साथ आए युवक थाने तक कैसे पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब चार महीने पहले भी इसी युवती ने इसी तरह का हंगामा किया था। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
