रोहतक की इंदिरा कॉलोनी में चार साल की मासूम सुरभि के साथ हुई हैवानियत ने हर किसी को झकझोर दिया। वायरल सीसीटीवी वीडियो में आरोपी पिता जितेंद्र पहले बेटी को थप्पड़ मारता है और फिर उसे बेरहमी से सड़क पर पटक देता है। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन सुरभि बिना बताए घर से जन्मदिन की पार्टी में चली गई थी। इसी बात पर गुस्साए पिता ने शराब के नशे में इस शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद फरार होने की कोशिश में था और पूरी रात उसकी तलाश की गई। आखिरकार उसे रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी मीडिया के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया। उसने कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई और वह अपने किए पर शर्मिंदा है। वहीं, बच्ची की मां ने भी पति के खिलाफ कार्रवाई में नरमी बरतने की अपील करते हुए कहा कि परिवार की रोजी-रोटी उसी पर निर्भर है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मासूम बच्ची के साथ हुई यह घटना बेहद गंभीर और जघन्य अपराध है। ऐसे मामले में कानून अपना काम करेगा और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

