हरियाणा सरकार ने सिविल सचिवालय में कार्यरत स्टेनोग्राफरों की पदोन्नति के लिए विभागीय परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। मुख्य सचिव कार्यालय की केंद्रीय परीक्षा समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह परीक्षा 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों में होगी। पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।

यह परीक्षा कनिष्ठ वेतनमान आशुलिपिक से वरिष्ठ वेतनमान आशुलिपिक और आशुलिपिक से कनिष्ठ वेतनमान आशुलिपिक पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित की जा रही है।

सीनियर स्केल परीक्षा का पैटर्न

सीनियर स्केल के उम्मीदवारों को कुल चार डिक्टेशन पैसेज दिए जाएंगे। इनमें दो अंग्रेजी के (250-250 शब्द) और दो हिंदी के (200-200 शब्द) होंगे। अंग्रेजी डिक्टेशन की गति 100 शब्द प्रति मिनट और हिंदी की 80 शब्द प्रति मिनट रहेगी। अंग्रेजी टाइपिंग 20 शब्द प्रति मिनट और हिंदी टाइपिंग 15 शब्द प्रति मिनट की रफ्तार से करनी होगी। यदि त्रुटियां 4 प्रतिशत से अधिक हुईं तो अभ्यर्थी को असफल माना जाएगा।

जूनियर स्केल के लिए अलग नियम

जूनियर स्केल परीक्षा में एक अंग्रेजी और दो हिंदी के डिक्टेशन पैसेज होंगे। अंग्रेजी पैसेज 250 शब्द और हिंदी के दोनों पैसेज 200-200 शब्द के होंगे। टाइपिंग की गति अंग्रेजी में 20 शब्द प्रति मिनट और हिंदी में 15 शब्द प्रति मिनट निर्धारित की गई है। इस परीक्षा में 8 प्रतिशत से अधिक त्रुटि होने पर अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण माना जाएगा।

16 जुलाई तक भेजने होंगे नाम

परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक कर्मचारियों को 14 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन सचिवालय स्थापना शाखा-2 में जमा करना होगा। वहीं सभी विभागों को पात्र कर्मचारियों की सूची 16 जुलाई 2026 तक केंद्रीय परीक्षा समिति को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!