नगर निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने बताया कि नगर निगम रोहतक द्वारा आगामी मानसून के मध्यनजर शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारु एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष नाला सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के मुख्य एवं सहायक नालों की व्यापक स्तर पर सफाई करवाई जा रही है, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण आज स्वयं संयुक्त आयुक्त मंजीत सिंह द्वारा किया गया।
निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा बरसात से पूर्व सभी प्रमुख नालों की सफाई को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में संयुक्त आयुक्त मंजीत सिंह ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। जिस दौरान छोटूराम चौक, हिसार रोड़, पालिका बाजार, गौ-कर्ण, कच्चा बेरी रोड़, माता दरवाजा चौक, राहड रोड़ सहित अन्य क्षेत्रों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने सफाई कार्य की गुणवत्ता, नालों से निकाली जा रही सिल्ट, जल प्रवाह की स्थिति तथा सफाई कार्य में लगी टीमों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके है कि नालों की सफाई केवल औपचारिकता न होकर पूरी गहराई एवं चौड़ाई तक प्रभावी ढंग से की जाए, ताकि बरसात के समय पानी का प्रवाह बिना किसी अवरोध के सुचारु रूप से हो सके। उन्होंने कहा कि जहां-जहां नालों से सिल्ट एवं कचरा निकाला जा रहा है, उनाक उठान भी साथ-साथ सुनिश्चित किया जाए ताकि सड़क किनारे गंदगी न फैले तथा नागरिकों एवं यातायात को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीमें प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में नाला सफाई कार्य कर रही हैं तथा वरिष्ठ अधिकारी स्वयं नियमित रूप से इन कार्यों की निगरानी एवं निरीक्षण कर रहे हैं। जिन क्षेत्रों में जलभराव की संभावना अधिक रहती है, वहां विशेष प्राथमिकता के आधार पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मशीनरी एवं सफाई कर्मचारियों की भी तैनाती की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। नगर निगम तभी अपने प्रयासों में पूर्ण सफलता प्राप्त कर सकता है जब आमजन भी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे घरेलू कूड़ा, पालीथिन, प्लास्टिक, निर्माण सामग्री अथवा अन्य अपशिष्ट नालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। ऐसा करने से नालों का प्रवाह बाधित होता है और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इसके अतिरिक्त नालो पर अतिक्रमण न करें, इससे नालो की सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न होती है तथा नालो की सफाई भी पूर्णतः नहीं हो पाती। आमजन से अपील है कि नालो पर अतिक्रमण न करे ऐसा करने से आमजन को काफी असुविधा होती है। अतः नगर निगम, रोहतक क्षेत्र में जिन द्वारा नालो पर अतिक्रमण किया गया है वे अपना अतिक्रमण स्वयं हटा ले अन्यथा टीम द्वारा उनका अतिक्रमण हटाया जायेगा जिससे उनका और अधिक हानि भी सकती है।




