हरियाणा के रोहतक में भाजपा के जिला कार्यालय के अंदर जिला महामंत्री और जिला सचिव के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा की अंदरूनी कलह भी चर्चा में आ गई है। मामले में जिला महामंत्री अभिनंदन भारद्वाज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को शिकायत पत्र भेजकर जिला सचिव अंकुश बिड्डू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने दोनों नेताओं के बीच सुलह होने का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो 27 जून का बताया जा रहा है। उस दिन भाजपा जिला कार्यालय में आगामी कार्यक्रमों को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर जिला महामंत्री अभिनंदन भारद्वाज और जिला सचिव अंकुश बिड्डू के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच तकरार बढ़ गई और दोनों एक-दूसरे से ऊंची आवाज में बात करने लगे। विवाद बढ़ने पर मौजूद अन्य पदाधिकारियों को बीच-बचाव करना पड़ा।

शिकायत पत्र में अभिनंदन भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि अंकुश बिड्डू ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। उन्होंने वरिष्ठ पदाधिकारियों का अपमान करने, कार्यकर्ताओं को धमकाने, संगठनात्मक अनुशासन तोड़ने और प्रभाव का दुरुपयोग करने जैसे आरोप भी लगाए हैं। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित पदाधिकारी लाइसेंसी हथियार लेकर चलते हैं और उसका भय दिखाकर कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं।

महामंत्री ने प्रशिक्षण शिविर के दौरान कथित अनुशासनहीनता, शराब सेवन, पार्टी कार्यालय में दबंगई, सरकारी अधिकारियों पर प्रभाव का इस्तेमाल करने तथा संगठन में भय और गुटबाजी का माहौल बनाने के भी आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद मामला भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है।

वहीं, जिला सचिव अंकुश बिड्डू ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं और इस संबंध में पार्टी हाईकमान को अपना पक्ष रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह अभिनंदन भारद्वाज के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।

इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने पूरे विवाद को मामूली बताते हुए कहा कि दोनों पदाधिकारियों के बीच छोटी-सी कहासुनी हुई थी, जिसे आपसी बातचीत से सुलझा दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी तरह की गुटबाजी या अंदरूनी कलह नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!