हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज राज्य के चार जिलों के लिए गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।

इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र शामिल है, जिनमें हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। इसके अलावा पूर्वानुमान के अनुसार 30 जून तक हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, बीते गुरुवार को राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 से 30 जून के बीच हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं। वहीं 26-27 जून तथा 29 जून से 1 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही किसानों और आम नागरिकों को नियमित रूप से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!