हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के परिवार के बीच लगातार बढ़ रही नजदीकियों ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सोमवार रात चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर दोनों परिवारों के बीच हुई मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में खास महत्व दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आमंत्रण पर कुलदीप बिश्नोई अपनी पत्नी रेणुका बिश्नोई और बेटे तथा आदमपुर विधायक भव्य बिश्नोई के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां दोनों परिवारों ने एक साथ रात्रि भोज किया और विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में मुख्यमंत्री और कुलदीप बिश्नोई के बीच यह तीसरी महत्वपूर्ण मुलाकात है। इससे पहले 3 जून को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली स्थित कुलदीप बिश्नोई के आवास पर पहुंचे थे। लगातार हो रही इन मुलाकातों को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।

मुलाकात के बाद कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री के स्नेहपूर्ण आतिथ्य के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान सामाजिक, जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भजनलाल की राजनीति हमेशा जनहित और विकास पर केंद्रित रही तथा प्रदेश के लोग आज भी उनका सम्मान करते हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री और बिश्नोई परिवार के बीच बढ़ता संवाद भाजपा के भीतर बेहतर समन्वय का संकेत हो सकता है। हाल ही में चौधरी भजनलाल को लेकर हुई टिप्पणी के बाद उपजे विवाद के बीच इन मुलाकातों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिलहाल दोनों पक्ष इन बैठकों को पारिवारिक और सौहार्दपूर्ण मुलाकात बता रहे हैं, लेकिन लगातार बढ़ रहे संपर्कों ने हरियाणा की राजनीति में नई चर्चाओं को जरूर जन्म दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!