नई दिल्ली, 7 जून। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा 7 जून को देशभर में आयोजित किए गए मेगा फिटनेस एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के तहत राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में हजारों युवाओं, खिलाड़ियों और नागरिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर फिट इंडिया एंबेसडर एवं हरियाणा की स्टार साइकिलिस्ट स्वीटी मलिक ने केंद्रीय मंत्री के साथ साइकिलिंग कर युवाओं को फिटनेस और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज नूपुर श्योराण सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल हस्तियों ने भी भाग लिया और फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम में भारी जनसैलाब देखने को मिला। हजारों प्रतिभागियों ने साइकिलिंग एवं फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लेकर स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत किया। पूरे आयोजन में युवाओं का उत्साह और ऊर्जा देखते ही बन रही थी।
विशेष रूप से, फिट इंडिया एंबेसडर स्वीटी मलिक द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत और फिट इंडिया” अभियान को उस समय नई प्रेरणा मिली जब केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अभियान से संबंधित संदेश-पत्र पर अपने हस्ताक्षर कर समर्थन और आशीर्वाद प्रदान किया। यह क्षण उपस्थित लोगों के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा और अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
स्वीटी मलिक ने कहा कि फिटनेस केवल शारीरिक स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि एक सकारात्मक और अनुशासित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने युवाओं से खेलों और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की।
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी फिट इंडिया आंदोलन को जन-आंदोलन बनाने पर बल देते हुए कहा कि देश का युवा यदि स्वस्थ और फिट रहेगा तो भारत का भविष्य और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को फिटनेस और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!