हरियाणा के कॉलेजों में स्नातक (यूजी) कोर्सों में दाखिले के प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत पहले विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थी ही दाखिला प्रक्रिया में भाग ले पाएंगे।
उच्चतर शिखा विभाग द्वारा 7 मई को ऑनलाइन अप्लाई करने के लिए पोर्टल खोला गया था। इस अवधि के दौरान कई विद्यार्थी अप्लाई नहीं कर पाए, इसलिए विभाग ने विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है। जिसके तहत अब विद्यार्थी 15 जून तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं और अब 10 दिन का समय शेष बचा हुआ है। हालांकि विद्यार्थी लगातार कॉलेजों में जाकर आवेदन कर रहे हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन अप्लाई करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दे दिया है। लेकिन पहले से जारी एडमिशन शेड्यूल अब चेंज होगा। पहले ऑनलाइन अप्लाई करने के बाद दस्तावेजों व आवेदनों की छंटनी के पश्चात 10 जून को पहली व 16 जून को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होनी थी, लेकिन ऑनलाइन अप्लाई के लिए ही 15 जून तक का समय दिया है।
अब नया एडमिशन शेड्यूल जारी किया जाएगा, जिसका इंतजार है।
राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय से एडमिशन नोडल अधिकारी प्रो. अनीता शर्मा ने बताया कि यूजी कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। जिसके तहत 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद मेरिट सूची जारी करने व फीस जमा करवाकर दाखिला लेने का शेड्यूल अभी जारी किया जाएगा, उसका इंतजार है।

