केरल से सामने आई एक घटना इंसानियत को झकझोर देने वाली दर्दनाक तस्वीर बन गई है. डेढ़ साल का एक मासूम, जो ठीक से बोल भी नहीं पाता था, कथित तौर पर अपनी ही मां और उसके प्रेमी की बेरहमी का शिकार बन गया. पुलिस और डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के शरीर पर चोटों के इतने निशान मिले कि देखने वालों की रूह कांप गई. बताया जा रहा है कि बच्चे को कई दिनों तक लगातार प्रताड़ित किया गया. जब उसकी हालत बिगड़ी और खून की उल्टियां शुरू हुईं तब उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

इस मामले ने पूरे केरल में गुस्सा और सदमे का माहौल पैदा कर दिया है. शुरुआती जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे और भी डराने वाली हैं. पुलिस का शक है कि बच्चा अपनी मां और उसके लिव-इन पार्टनर की जिंदगी में ‘रुकावट’ बन रहा था. यही वजह है कि उसके साथ लगातार मारपीट की गई. इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर कोई मां इतनी निर्दयी कैसे हो सकती है कि अपने ही बच्चे को इस तरह मौत के मुंह में धकेल दे.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस पूरे मामले को और ज्यादा भयावह बना दिया. पुलिस के मुताबिक मासूम के शरीर पर कुल 51 चोटों के निशान मिले हैं. डॉक्टरों ने बताया कि उसके दोनों हाथ टूटे हुए थे और सिर में गंभीर चोट थी, जो मौत की बड़ी वजह बनी. रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बच्चे को पिछले दो से तीन हफ्तों से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. कई चोटें पुरानी थीं और कुछ घाव भरने लगे थे, जिससे साफ है कि यह हिंसा लंबे समय से जारी थी.

डॉक्टरों ने जांच के दौरान सिगरेट से जलाने जैसे निशान भी देखे. पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्चे को ‘बेहद क्रूर शारीरिक यातना’ दी गई थी. जांच टीम का मानना है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि योजनाबद्ध और लगातार होने वाली हिंसा थी. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीर हत्या और बाल उत्पीड़न की धाराओं में बदल दिया.

मासूम के दादा-दादी ने सबसे पहले पुलिस के सामने यह आरोप लगाया था कि बच्चे के साथ लगातार मारपीट की जाती थी. उन्होंने बताया कि कई बार बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखे गए थे, लेकिन मां हर बार अलग-अलग बहाने बना देती थी. जब बच्चे की मौत हुई तो परिवार का शक और गहरा गया. इसके बाद पुलिस ने मां और उसके प्रेमी से पूछताछ शुरू की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चे के साथ इतनी लंबी अवधि तक अत्याचार कैसे होता रहा और आसपास के लोगों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी. अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. मोबाइल रिकॉर्ड, पड़ोसियों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है.



इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और घरेलू हिंसा जैसे मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर भी लोग आरोपी मां और उसके प्रेमी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. केरल में यह मामला अब सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज को झकझोर देने वाली चेतावनी बन चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!