हरियाणा के गुरुग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-34 स्थित नगर निगम (MCG) कार्यालय और मेयर कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा तथा एहतियातन पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार धमकी भरा ई-मेल कथित तौर पर “खालिस्तान नेशनल आर्मी” के नाम से भेजा गया। ई-मेल में गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय और मेयर कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल में हरियाणा को खालिस्तान बनाने और दरबार साहिब का बदला लेने जैसे भड़काऊ दावे भी किए गए हैं।
धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया कि गुरुग्राम के नगर निगम और मेयर कार्यालय में दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच IED विस्फोट हो सकता है। इसके साथ ही 5 और 6 जून को चंडीगढ़, अंबाला और दिल्ली के बीच रेलवे ट्रैक पर भी IED विस्फोट करने की चेतावनी दी गई। मेल भेजने वाले ने लोगों को यात्रा न करने और अपने बच्चों को सुरक्षित रखने तक की धमकी दी।
ई-मेल में बार-बार “बदला, बदला, बदला” शब्द का इस्तेमाल किया गया। इसमें दावा किया गया कि भिंडरांवाले की मौत के समय दिल्ली और हरियाणा में मिठाइयां बांटी गई थीं, जिसके चलते 6 जून को बदला लेने की बात कही गई। साथ ही 6 जून 1984 को अमृतसर स्थित दरबार साहिब में भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया।
इतना ही नहीं, ई-मेल में कई धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने का दावा किया गया। इनमें गौरी शंकर मंदिर (चांदनी चौक, दिल्ली), कालकाजी मंदिर (दिल्ली), योगमाया मंदिर (महरौली, दिल्ली), भीमा देवी मंदिर (पिंजौर, हरियाणा), कार्तिकेय मंदिर (पिहोवा, हरियाणा) और स्थानेश्वर महादेव मंदिर (कुरुक्षेत्र, हरियाणा) के नाम शामिल हैं।
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने हर कोने की तलाशी ली, हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी गुरुग्राम के कई नामी स्कूलों को ई-मेल के माध्यम से बम धमाकों की धमकी मिल चुकी है। अप्रैल महीने में भी कई शिक्षण संस्थानों को ऐसे ही धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच अभियान चलाया था।
फिलहाल पुलिस, साइबर सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ई-मेल की जांच में जुटी हुई हैं। ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके स्रोत तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
क्या यह सिर्फ शरारत है या किसी बड़ी साजिश की चेतावनी? इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा, लेकिन फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!