झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के कोयलपुर गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब मर्चेंट नेवी में कार्यरत 21 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेतों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान विवेक के रूप में हुई है। शव का रंग पूरी तरह नीला पड़ा होने से मौत को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, विवेक रोजाना की तरह सुबह सैर के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उसका शव गांव के पास खेतों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।

बताया जा रहा है कि विवेक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। करीब दो वर्ष पहले उसने मर्चेंट नेवी ज्वाइन की थी और वर्तमान में जहाज के लबरा विभाग में तैनात था। कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते वह छुट्टी लेकर घर आया हुआ था और एक सप्ताह बाद दोबारा ड्यूटी पर लौटने वाला था।

लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। इकलौते बेटे की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस रहस्यमयी मौत की चर्चा कर रहा है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में शव का रंग नीला पाया गया है, लेकिन मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!