चंडीगढ़ के बुड़ैल में रहने वाली 15 साल की बच्ची ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले 10 साल के बच्चे को किडनैप कर लिया। बच्ची लड़के को हरिद्वार ले गई, जहां उसे एक महिला के हवाले कर दिया। बच्चे को डरा-धमकाकर भीख मंगवाई गई और उसके बाल कटवा दिए, ताकि पहचान न हो।

बच्चे के पिता और मासी की कोशिशों और पहल से पुलिस ने आरोपी लड़की को पकड़ लिया है और बच्चे को शनिवार शाम सकुशल हरिद्वार से रेस्क्यू कर चंडीगढ़ ले आई है। नाबालिग लड़की के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) (किडनैप करना या बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाना) के तहत केस दर्ज किया गया है।

बच्चे का मेडिकल करवाने के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर 164 के बयान दर्ज करवाए हैं।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी लड़की हरिद्वार में एक महिला के साथ रह रही थी। 27 मई को उसी महिला का मोबाइल और 7000 रुपए चुराकर अकेली चंडीगढ़ भाग आई थी। यहां आने के दूसरे ही दिन वह पकड़ी गई।

चौकी में मौजूद पीड़ित बच्चे ने बताया कि पड़ोस की दीदी उसे जूस पिलाने के बहाने ले गई थी। फिर उसे जबरदस्ती सिगरेट पिला दी, जिससे वह बेहोश हो गया। होश आया तो वह ट्रेन में था। भागने की कोशिश की तो दीदी ने बाजू पकड़ ली और जान से मारने की धमकी दी।

हरिद्वार में आरोपी उसे एक अनजान महिला के पास ले गई। वहां बच्चे से दिनभर भीख मंगवाई जाती थी और खाना लंगर में खिलाया जाता था। पहचान छिपाने के लिए उस महिला ने बच्चे के बाल भी काट दिए थे।

बच्चे के पिता, जो दिहाड़ीदार हैं, और मासी ने बताया कि हरिद्वार में बच्चे को तलाश करना बेहद मुश्किल था। दोनों रातभर घाटों और मार्केट के बाहर सो रहे अनजान लोगों के चेहरे से चादर हटाकर देखते रहे कि कहीं उनका बेटा तो नहीं। इस दौरान कई लोगों ने उन्हें गालियां भी दीं, लेकिन वे नहीं रुके।

तड़के एक अनजान शख्स के पास दो बच्चे सो रहे थे, जिनमें से एक उनका बेटा निकला। पिता को देखते ही बच्चा लिपटकर रोने लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!