हरियाणा के रोहतक शहर में एक 80 साल की वृद्धा से उसके रिश्तेदारों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। एकजुट होकर आए रिश्तेदारों ने वृद्धा के परिवार के अन्य सदस्यों से भी घर में घुसकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। वृद्धा की शिकायत पर मॉडल टाउन पुलिस चौकी में आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। जांच जारी है
मॉडल टाउन में विधा निकेतन रोड स्थित घर में रहने वाली 80 वर्षीय कृष्णा दहिया ने बताया है कि गुरुवार को वह घर पर अकेली थीं। इस बीच उनकी बहन के दो नाती करण व जयंत उनके घर आ गए। दोनों बहुत गुस्से में थे। जयंत ने कहा कि आपका लड़का राजू कहां है, उसने करण को थप्पड़ मारा है। वृद्धा ने उनको समझा कर वापस भेज दिया।
द्धा ने बताया कि जब उन्होंने लड़कों को घर से वापस भेज दिया तो थोड़ी देर में ही उनका पिता योगेंद्र आ गया और राजू को घर में तलाशते हुए बोला कि उसको नहीं छोड़ेंगे। वह घर से बाहर निकला तो उसे मेरा दूसरा बेटा राजीव और उसका बेटा वैभव गली में ही मिल गए। सभी आरोपियों ने एकजुट होकर उन पर हमला बोल दिया। वह घर से बाहर उन्हें बचाने गई तो आरोपियों ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की।
पीड़ित वृद्धा ने बताया कि आरोपियों ने उनके 7 वर्ष के मासूम नाती वैभव की आंख पर ईंट से वार किया। ईश्वर की कृपा से आंख बच गई है, लेकिन उसे काफी चोटें आई हैं। घायलों का मेडिकल कराया गया है। मामले में मॉडल टाउन चौकी की पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
