सोनीपत के गोहाना में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब नई सब्जी मंडी क्षेत्र में एक महिला का शव कट्टे में बंद हालत में निर्माणाधीन मकान की नींव से बरामद हुआ। मृतका की पहचान प्रियंका उर्फ सीमा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोहाना सिटी थाना पुलिस को रात करीब 11:10 बजे सूचना मिली कि वन विभाग वाली गली में रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को घेर लिया।
पुलिस ने जब नींव में पड़े कट्टे को बाहर निकालकर जांच की, तो उसके अंदर महिला का शव मिला। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में मृतका के पति संदीप पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर घर में पत्नी की हत्या करने के बाद शव को कट्टे में बंद कर पास के प्लॉट की नींव में डाल दिया।
मृतका मूल रूप से गांव घड़वाल की रहने वाली थी और फिलहाल गोहाना की वन विभाग गली में रह रही थी। पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने में जुटी है। शुरुआती तौर पर मामला घरेलू विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोहाना, थाना शहर गोहाना के एसएचओ और कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं आरोपी पति की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।
