हरियाणा के हिसार में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के घर में अचानक आग लग गई। आग उनके घर के ड्राइंग रूम में लगी और देखते ही देखते पूरे हिस्से में धुआं फैल गया।

घटना के समय डॉ. कमल गुप्ता का परिवार घर में ही मौजूद था। शाम करीब 4 बजे घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पूर्व मंत्री ने बताया कि उनकी पत्नी और माताजी घर के दूसरे कमरे में थीं। आग तेजी से फैलते हुए सीढ़ियों तक पहुंच गई, जिससे बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।

स्थिति गंभीर होती देख पड़ोसियों ने तुरंत मदद की और डॉ. गुप्ता की पत्नी व माताजी को पड़ोसी की छत के रास्ते सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

आग लगने से ड्राइंग रूम में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

मौके पर पुलिस और डायल-112 की टीम भी पहुंची और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!