हरियाणा के पानीपत में एक महिला MBBS डॉक्टर ने अपने कथित बॉयफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में डॉक्टर के शरीर में कई गंभीर फ्रैक्चर हो गए और वह लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रही। फिलहाल पीड़िता पूरी तरह चलने-फिरने में असमर्थ होकर बेड पर है।
मामले की शिकायत डॉक्टर के भाई और चाचा ने पुलिस को दी, जिसके बाद पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी युवक ने डॉक्टर का शारीरिक शोषण किया, अश्लील वीडियो बनाई और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर करोड़ों रुपए और जेवरात की मांग की।
स्कूल की दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग का जाल
पुलिस जांच के अनुसार, पीड़िता और आरोपी मोहित की पहचान साल 2015 में जींद के एक पब्लिक स्कूल में हुई थी। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। आरोप है कि मोहित ने खुद को अमीर और अच्छे परिवार का बताकर पीड़िता से दोस्ती की और शादी का झांसा दिया।
इसके बाद जब पीड़िता मेडिकल की पढ़ाई के लिए तेलंगाना चली गई, तो आरोपी वहां भी पहुंच गया। आरोप है कि उसने दोस्ती का फायदा उठाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पीड़िता को बेहोश कर दिया।
बेहोशी में बनाए अश्लील वीडियो
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील वीडियो व तस्वीरें रिकॉर्ड कर लीं। जब डॉक्टर को आरोपी की सच्चाई का पता चला तो उसने शादी से इनकार कर दिया।
इसके बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि वह वीडियो वायरल करने और एडिट कर सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर बार-बार पैसे मांगता रहा। परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार मोटी रकम ऐंठ चुका था।
₹1 करोड़ और जेवरात की डिमांड
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने डॉक्टर पर दबाव बनाया कि वह घर से सोने-चांदी के जेवर और ₹1 करोड़ नकद लेकर आए, नहीं तो वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगा। इस पूरे मामले में आरोपी के परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी का भाई प्रमोद, बहन पूनम और ताऊ राजा व रामकरण भी फोन पर धमकियां देकर मानसिक दबाव बना रहे थे।
मानसिक प्रताड़ना से टूट गई डॉक्टर
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला डॉक्टर ने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में उसके पूरे शरीर में गंभीर फ्रैक्चर आए। वह कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रही और अब भी बिस्तर पर है।
जींद से पानीपत पहुंचा मामला
पीड़िता के परिवार ने आरोपियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उन्हें ही झूठे केस में फंसाने और छोटे भाई को जान से मारने की धमकियां दी गईं। इसके बाद परिवार ने जींद एसपी को शिकायत दी।
मामला महिला अपराध और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा होने के कारण डीएसपी स्तर पर जांच कराई गई। जांच में मामला सही पाए जाने पर पहले जींद के पिल्लूखेड़ा थाने में जीरो FIR दर्ज की गई। चूंकि घटना का मुख्य केंद्र पानीपत था, इसलिए केस को आगे की कार्रवाई के लिए पानीपत के मॉडल टाउन थाना भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
