हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-54 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खाद से भरी ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा चौटाला चौकी क्षेत्र के गांव सकता खेड़ा के पास पेट्रोल पंपों के नजदीक हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान पंजाब के सरदूलगढ़ स्थित गांव भूदड़ निवासी 38 वर्षीय शरीफ सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शरीफ सिंह मिट्टी और पराली से खाद तैयार कर राजस्थान के खेतों में बेचने का काम करता था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने एक साथी के साथ खाद से भरी ट्रॉली लेकर जा रहा था।

इसी दौरान रास्ते में ट्रॉली सड़क पर धंस गई। ट्रॉली को निकालने के लिए शरीफ सिंह और उसका साथी टायरों के नीचे से मिट्टी हटाने लगे। तभी अचानक खाद से भरी भारी ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में शरीफ सिंह का साथी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन शरीफ सिंह मिट्टी और खाद के नीचे पूरी तरह दब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शरीफ सिंह को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि शरीफ सिंह दो बेटों का पिता था, जिनकी उम्र 12 और 14 साल है।

पुलिस ने शव को डबवाली की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया। जांच अधिकारी बेअंत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता स्वर्ण सिंह के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!