हरियाणा प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, पानीपत जिला अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, पूर्व कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार समेत अनेकों भाजपाइयों के खिलाफ आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने पानीपत के चांदनीबाग थाना पुलिस को शिकायत दी है। दरअसल, 2 जनवरी को भाजपा का सेक्टर 24 स्थित अग्रवाल भवन में कार्यक्रम हुआ था। जिसमें मुख्य रुप से ओपी धनखड़ ने शिरकत की थी। इस कार्यक्रम में सैंकड़ों भाजपाई इकट्‌ठा हुए थे।

आरोप है कि कार्यक्रम में कोरोना नियमों को ताक पर रखा गया है। किसी भी तरह की गाइडलाइन को अपनाया नहीं गया। न ही सोशल डिस्टेंसिंग बनाई गई, न ही मास्क लगाया गया। इतना ही नहीं निर्धारित संख्या से कई ज्यादा लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

पुलिस को दी शिकायत में हरियाणा आप पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में कोरोना महामारी रोकथाम कानून लागू है और किसी भी व्यक्ति द्वारा भीड़ इकट्ठा करना, मास्क न लगाना एक दंडनीय अपराध है। इसी बीच कल भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ और पानीपत जिलाध्यक्ष अर्चना गुप्ता द्वारा अग्रवाल भवन में भारी भीड़ इकट्ठा की गई। जिसमें किसी ने न तो मास्क लगाया गया, न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया है।

अजय शर्मा ने इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। इस मौके पर जिला युवा अध्यक्ष पवन कोहली, जिला उपाध्यक्ष दीपक बग्गा, युवा ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ गोयल, पानीपत शहरी अध्यक्ष प्रीतपाल खेड़ा, शहरी उपाध्यक्ष कृष्ण और अन्य साथी उपस्थित रहे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!