मोहाली में गैंगस्टरों के नाम पर रंगदारी मांगने का एक और मामला सामने आया है। इस बार शहर के एक नामी प्रॉपर्टी डीलर को कथित तौर पर गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है।

सूत्रों के मुताबिक संबंधित प्रॉपर्टी डीलर राजनीतिक हलकों में अच्छी पकड़ रखता है और कई कांग्रेस नेताओं का करीबी माना जाता है। धमकी मिलने के बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी है।

कॉल करने वाले ने ली निजी जानकारी

जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर के मोबाइल पर आई कॉल में आरोपी ने पहले उसका नाम लिया और फिर उसके एक बेहद करीबी व्यक्ति का जिक्र किया। इससे कारोबारी घबरा गया, क्योंकि कॉल करने वाले को उसकी निजी जानकारी भी पता थी।

बताया जा रहा है कि कारोबारी ने जवाब में कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं हैं और वह मेहनत से कारोबार करता है। इस पर कथित तौर पर धमकी दी गई कि जल्द पैसों का इंतजाम करो, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।

पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच

मामले की सूचना मिलने के बाद पंजाब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल रिकॉर्डिंग, मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल्स के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि कॉल वास्तव में किसी गैंगस्टर नेटवर्क से की गई थी या फिर किसी ने गैंगस्टर का नाम लेकर डराने और पैसे ऐंठने की कोशिश की।

सिक्योरिटी लेने के एंगल से भी जांच

पुलिस इस मामले को केवल रंगदारी तक सीमित नहीं मान रही, बल्कि दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को शक है कि कहीं यह मामला पुलिस सिक्योरिटी हासिल करने के उद्देश्य से तो नहीं बनाया गया।

दरअसल, पंजाब सरकार ने हाल ही में पुलिस सुरक्षा पाने वाले लोगों की समीक्षा शुरू की है। इसी के तहत यह भी जांच हो रही है कि किसे किस आधार पर सुरक्षा दी गई थी और किस अधिकारी ने उसे मंजूरी दी थी।

धमकी के बाद बदला कारोबारी का व्यवहार

सूत्रों के मुताबिक धमकी भरी कॉल आने के बाद प्रॉपर्टी डीलर काफी सहमा हुआ है। जो कारोबारी पहले शहर में लगातार सक्रिय रहता था, वह अब घर से बाहर निकलने से भी बच रहा है।

बताया जा रहा है कि उसने कई कारोबारी मीटिंग्स रद्द कर दी हैं और अपनी मूवमेंट भी सीमित कर दी है। प्रॉपर्टी कारोबार, जमीनों के सौदे और राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहने वाला यह कारोबारी पिछले कुछ दिनों से सार्वजनिक जगहों पर नजर नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!