हरियाणा के अहीरवाल क्षेत्र के दो प्रभावशाली राजनीतिक परिवार अब रिश्तेदारी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव की दोहती आयुषी यादव का रिश्ता RPS ग्रुप के डिप्टी CEO कुनाल यादव के साथ तय हुआ है। वीरवार को महेंद्रगढ़ के कनीना में दोनों परिवारों की मौजूदगी में रोका सेरेमनी आयोजित की गई।
कुनाल यादव, RPS Group की चेयरमैन पवित्रा राव के बेटे हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम और MBA की पढ़ाई की है। UPSC की तैयारी के बाद उन्होंने RPS ग्रुप में डिप्टी CEO की जिम्मेदारी संभाल ली। वहीं आयुषी यादव ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से LLB की पढ़ाई की है। वह भी UPSC की तैयारी कर चुकी हैं और प्री परीक्षा पास करने के बाद मेंस तक पहुंची थीं।
परिवार के सदस्यों के अनुसार नवंबर 2026 में शादी की योजना बनाई गई है, जबकि एक महीने बाद गुरुग्राम में रिंग सेरेमनी आयोजित होगी।
आयुषी यादव मूल रूप से महेंद्रगढ़ के ठाठवाड़ी गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में उनका परिवार गुरुग्राम में रहता है। उनके मामा डॉ. यशपाल यादव 2011 बैच के IAS अधिकारी हैं। आयुषी के भाई आयुष यादव हरियाणा कैडर में IPS अधिकारी हैं और फिलहाल रोहतक में ASP के पद पर तैनात हैं। वहीं उनकी भाभी अंकिता IAS अधिकारी हैं, जो सांपला में SDM के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
दूसरी ओर, कुनाल यादव का परिवार भी लंबे समय से शिक्षा और राजनीति से जुड़ा रहा है। उनके पिता नरेंद्र यादव महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन के दो बार प्रधान रह चुके हैं। RPS ग्रुप की स्थापना उनके दादा डॉ. ओपी यादव ने 1998 में की थी। वर्तमान में समूह के अंतर्गत 18 स्कूल, 7 डिग्री कॉलेज और एक वेटरनरी कॉलेज संचालित किए जा रहे हैं।
