हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर दिए गए बदमाशी वाले बयान को लेकर कुलदीप बिश्नोई ने चुप्पी तोड़ी है। शनिवार शाम कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी ही पार्टी को चुनौती दे दी।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि रेखा शर्मा अभी नौसिखिया हैं। चौधरी भजनलाल पर रेखा शर्मा का बयान उनकी सोच दर्शाता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने भी एक कार्यक्रम में चौधरी भजनलाल का नाम लिया, लेकिन उनके नाम के आगे ‘जी’ या ‘चौधरी’ नहीं लगाया।
कुलदीप बिश्नोई ने पार्टी को चेतावनी दी कि अगर रेखा शर्मा ने माफी नहीं मांगी तो यह मामला यहीं नहीं रुकेगा। मेरी वजह से प्रदेश में दो बार सरकार बनी है। अगर यही घमंड रहा तो चौथी बार सरकार नहीं बनेगी। मुझे मजबूर न किया जाए कि मैं किसी को अर्श से फर्श पर ले आऊं।

