रोहतक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने निवास पर पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा पर कटाक्ष किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे प्रदेश को बर्बाद करने का बीड़ा उठा रखा है। इस पार्टी को लोगों की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है, बल्कि जश्न मनाने में मशगूल है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को लग रहा है कि चुनाव ईमानदारी से नहीं हुआ। इसलिए वह नाराज है। पहले एसआईआर सही से नहीं हुई, वोट काटी गई। सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा, फैसला आने से पहले कार्रवाई की गई। इसलिए ममता नाराज नजर आ रही है। चुनाव हो गया है, यह एक प्रक्रिया है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बंगाल में गुंडाराज था या नहीं, मैं क्यों कहूं। वहां किसका गुंडाराज आएगा, किसका नहीं, यह भाषा भाजपा नेताओं की है। कांग्रेस की पहले भी सरकार नहीं थी और अब भी नहीं है। बल्कि इस बार कुछ सीट बढ़कर आई हैं। जब हरियाणा में चुनाव जीतेंगे तो जश्न भी मनाएंगे।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पंचकूला और सोनीपत गए हैं और वहां कांग्रेस की लहर है। तीनों जगह कांग्रेस का उम्मीदवार जीतेगा। नगर पालिका को लेकर पार्टी का पहले फैसला था कि उम्मीदवार खड़ा नहीं करेंगे, लेकिन दो जगह उम्मीदवार खड़े किए। वहीं, सांपला और टोहाना में कांग्रेस उम्मीदवार नहीं है। इसलिए वहां जो बीजेपी को हरा सकता हो, जनता को उसे वोट देना चाहिए।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैने कभी भी छोटे चुनाव में हिस्सा नहीं लिया। इसलिए जनता से यही कहा कि भाजपा को हराना है। जो उम्मीदवार भाजपा को हराने में सक्षम है, उसी को वोट दें। क्योंकि हरियाणा किसान और मजदूरों का प्रदेश है और प्रदेश की हालत काफी खराब है। नगर निगमों व पालिकाओं की हालत खराब है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विधायक कुलदीप वत्स ने जो कहा है, उसके बारे में वही बताएंगे। कुलदीप वत्स ने जो महसूस किया होगा, वहीं बोला होगा। विनेश फौगाट को लेकर कहा कि निष्पक्ष प्रतियोगिता करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। पहले भी महिला पहलवानों के साथ अभद्र व्यवहार हुआ। ऐसा नहीं होना चाहिए और कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पूर्व सीएम भजन लाल और पूर्व सीएम बंसी लाल के बारे में भाजपा के जिस भी नेता ने अपशब्दों का प्रयोग किया, वह निंदनीय है। एक जिम्मेदार पद पर बैठकर गलत नहीं बोलना चाहिए। वो हमारे नेता रहे हैं, कई-कई साल सीएम रहे है। उनके बारे में गलत नहीं बोलना चाहिए।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक शेर के माध्यम से कहा कि कोई बब्बर शेर जेल में चला गया। अगर कोई मुझ से शिकायत करेगा, तो मैं जरूर उसके साथ जाउंगा। राहुल गांधी को लेकर कहा कि वह पार्टी के बड़े नेता है, उन्हें विदेशों में भी जाना पड़ता है।
