आईएमटी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि सोमवार की रात को गश्त के दौरान चार युवक खेड़ी साध के नजदीक पहरावर मोड़ पर राहगीरों को लूटने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने योजना बना मौके पर दबिश दी। जैसे ही उन्होंने गाड़ी मोड़ पर रोकी, तभी एक युवक हाथ में पिस्तौल लिए ड्राइवर के पास पहुंचा। बाकी तीन युवक गाड़ी के इर्द-गिर्द खड़े हो गए। युवक ने कहा कि जान प्यारी है तो जो कुछ है उसे निकाल कर हवाले कर दीजिए। तभी एसआई ने कहा कि ये वहीं लड़के हैं, जिनके बारे में सूचना मिली थी। यह सुनकर युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान कुआं मोहल्ला निवासी नरेंद्र, महम के सीसरखास निवासी सोहन व झज्जर जिले के गांव गोच्छी निवासी अतुल व सूरा-किलोई निवासी नसीब के तौर पर हुई। तत्काल आरोपियों को हथियारों के साथ दबोच लिया। पूछताछ में पता चला है कि तीन आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड है। जबकि एक युवक तो दो दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। कई वारदात का खुलासा होने की उम्मीद है।
– कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी, आईएमटी
