नेशनल हाइवे 152 डी पर शुक्रवार सुबह छह बजे जयपुर से जींद जा रही कार ट्रक के नीचे घुस गई। कार में सवार तीनों लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कृष्णा (61) और कीर्ति (24) जींद के भागखेड़ा गांव की रहने वाली हैं। जबकि तीसरे मृतक की पहचान सोनीपत जिले के गांव जागसी निवासी (27) सचिन के तौर पर हुई है
पुलिस के मुताबिक सुबह सूचना मिली कि निंदाना गांव के पास कार व ट्रक में टक्कर हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा पंजाब नंबर की कार ट्रक के नीचे घुसी हुई थी। किसी तरह कार को दूसरे वाहन से जोड़कर ट्रक के नीचे से निकाला गया। कार सवार तीनों लोगों को जब तक बाहर निकाला तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे। मृतकों की पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद शव महम के सामान्य अस्पताल में लाए गए, जहां से पीजीआई पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि भागखेड़ा गांव के एक व्यक्ति की जयपुर में मौत हो गई थी। परिवार उसका शव एंबुलेंस में लेकर वापस लौट रहा था। परिवार के लोग दूसरी कार से पीछे-पीछे चल रहे थे। अचानक हादसा हो गया

