हरियाणा में सरकारी और प्राइवेट आईटीआई (ITI) में दाखिला का एक और मौका स्टूडेंट्स को दिया गया है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय, हरियाणा ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2025-26 के लिए ‘ऑन दा स्पॉट’ दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह उन छात्रों के लिए अंतिम अवसर है जो अभी तक आईटीआई में दाखिला नहीं ले पाए हैं। प्रदेश में सरकारी और प्राइवेट मिलाकर लगभग 400 आईटीआई में 10 हजार के करीब सीटें खाली हैं।
निदेशालय द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, ‘ऑन दा स्पॉट’ दाखिला प्रक्रिया 15 से 30 सितंबर तक संस्थान स्तर पर आयोजित की जाएगी। नए आवेदन 13 सितंबर से भरे जा सकते हैं। यह दाखिला नए और पुराने आवेदनों की संयुक्त मेरिट के आधार पर होगा और इसमें कोई आरक्षण लागू नहीं होगा।
इच्छुक उम्मीदवार 30 सितंबर 2025 को दोपहर 12:00 बजे तक अपना मेरिट कार्ड संस्थान में जमा करवाएं और अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ मौके पर दाखिला फीस ऑनलाइन जमा करवाने के लिए संस्थान में स्वयं उपस्थित हों। मेरिट कार्ड दाखिला पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है और संस्थानवार रिक्त सीटों की संख्या भी दाखिला पोर्टल पर देखी जा सकती है।
प्रदेश में कुछ आईटीआई में खाली सीटों का विवरण…
- गुरुग्राम: 193 सीटें खाली (कुल 856 में से)
- झिरका: 34 सीटें खाली (कुल 92 में से)
- कलानौर: 94 सीटें खाली (कुल 420 में से)
- कैथल: 116 सीटें खाली (कुल 1240 में से)
- जाखल: 13 सीटें खाली (कुल 136 में से)
- गोहाना: 93 सीटें खाली (कुल 460 में से)
- फरमाना: 27 सीटें खाली (कुल 104 में से)
- चौटाला: 122 सीटें खाली (कुल 324 में से)
- बरवाला: 45 सीटें खाली (कुल 700 में से)
- असंध: 11 सीटें खाली (कुल 176 में से)
- जींद जाट ITI: 142 सीटें खाली (कुल 256 में से)
- फतेहाबाद: 54 सीटें खाली (कुल 232 में से)
- इंद्री: 28 सीटें खाली (कुल 108 में से)
- कुरुक्षेत्र: 35 सीटें खाली (कुल 640 में से)
- पानीपत: 176 सीटें खाली (कुल 928 में से)
- ओल्ड फरीदाबाद: 97 सीटें खाली (कुल 360 में से)
- पानीपत महिला: 48 सीटें खाली (कुल 108 में से)
सत्र 2025-26 के दाखिले की विवरण पत्रिका में वर्णित अन्य नियम व शर्तें यथावत लागू रहेंगी। अधिक जानकारी के लिए, कृपया www.itiharyana.gov.in पर जाएं या @HaryanaITIs को ट्विटर पर फॉलो करें।
