रोहतक में देर रात भारी बारिश के बीच प्रशासन हरकत में आया। डीसी सचिन गुप्ता के साथ एडीसी नरेंद्र कुमार और नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार फील्ड में नजर आए। तीनों अधिकारियों ने शहर की कॉलोनियों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और मौके पर ही संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए। डीसी ने उन इलाकों का निरीक्षण किया, जहां पानी ठहरने की संभावना ज्यादा थी। इस दौरान उन्होंने गऊकरण रोड, जींद रोड, जींद चौक, गोहाना रोड, सैनी रोड और सोनीपत रोड सहित अन्य क्षेत्रों में जाकर स्थिति देखी। जहां भी पानी जमा मिला, वहां से तुरंत निकासी के निर्देश दिए गए।
देर रात नगर निगम व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर फील्ड में उतरे डीसी सचिन गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि कहीं भी पानी ठहरना नहीं चाहिए। नालों की अच्छे से साफ सफाई करवाई जाए, ताकि पानी कुछ ही देर में निकल जाए। वहीं, सीवरेज की सफाई भी करवाने के निर्देश दिए। डीसी सचिन गुप्ता ने कहा कि शहर में जलभराव की स्थिति पैदा ना हो, इसके लिए तत्काल प्रभाव से पंपिंग सेट चलाए जाए। जल निकासी की प्रक्रिया को तेज किया जाए, ताकि जिन क्षेत्रों में पानी भरने की संभावना है, वहां के लोगों को राहत मिल सके।
निगम कमिश्नर डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि निगम की पूरी टीम लगातार काम कर रही है। बरसात के चलते किसी को परेशानी ना हो, इसके लिए टीम नालों की सफाई का काम भी कर रही है। जहां सीवर ब्लॉक है, उन्हें भी साफ किया जा रहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है।
