रोहतक जिले में जींद बाईपास के पास सुंदरपुर रोड पर टूटी हुई सड़कों को लेकर लोगों ने दोपहर को करीब 12 बजे जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक जाम के कारण वाहन फंसे रहे। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद मार्केट कमेटी के एसडीओ व नगर निगम एसडीओ पहुंचे, जिनके आश्वासन पर जाम खोला गया।

लोगों ने बताया कि सुंदरपुर रोड काफी समय से टूटा हुआ है, जिसमें काफी गड्ढे बने हुए है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर हो जाता है, जिसके कारण लोगों को परेशानी होती है। गड्ढों के कारण कई बार सड़क हादसे भी हो चुके है, लेकिन प्रशासन का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक वह धरने पर बैठे रहेंगे।

सुंदरपुर रोड निवासी रोहित ने कहा कि टूटी हुई सड़क के कारण आए दिन हादसे होते रहते है। गलियों में भी एक से डेढ़ फुट तक गहरे गड्ढे बने हुए है जिनमें अक्सर वाहन भी फंस जाते है। वहीं, बारिश के दिनों में तो पानी भर जाता है, जिसके कारण बच्चों और बुजुर्गों को अधिक दिक्कत होती है।

दोपहर करीब 12 बजे सुंदरपुर रोड को जाम करने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक पुलिस और लोगों के बीच बातचीत होती रही। लेकिन लोगों ने जाम खोलने से इनकार कर दिया। साथ ही डीसी से मिलने की जिद पर अड़े रहे।

जाम लगाने वाले लोगों के बीच मार्केट कमेटी के एसडीओ निखिल कुमार और नगर निगम के एसडीओ सुनील कुमार पहुंचे। लोगों ने अपनी समस्या उनके सामने रखी और समस्या का समाधान करने की मांग की। एसडीओ निखिल कुमार ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में सुंदरपुर रोड का काम शुरू हो जाएगा।

धरने पर बैठे लोगों को नगर निगम के एसडीओ सुनील कुमार ने आश्वासन दिया कि अप्रूव्ड गलियों और सीवरेज का कार्य डेढ़ महीने में पूरा करवा दिया जाएगा। लोगों की परेशानी को दूर करने का पूरा प्रयास रहेगा। दोनों अधिकारियों के आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने करीब 4 बजे जाम खोल दिया।

लोगों द्वारा सुंदरपुर रोड जींद बाईपास पर जाम लगाने के कारण करीब 4 घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। दोपहर 12 बजे के करीब लोग धरने पर बैठे थे, जो शाम 4 बजे तक जाम लगाकर बैठे रहे। इस दौरान रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। घंटों इंतजार करने के बाद शाम को लोगों को जाम से राहत मिली।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!