हरियाणा की इंटरनेशल बॉक्सर स्वीटी बूरा ने हैदराबाद में हुई अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता है। स्वीटी का अपने पति एवं भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा के साथ विवाद चल रहा है। दोनों के बीच महिला थाने में मारपीट भी हो चुकी है।
लंबे समय से चल रहे इस विवाद के बाद स्वीटी पहली बार रिंग में उतरीं। चैंपियनशिप में मेडल जीतने के बाद स्वीटी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भावुक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा कि मेरा ये मेडल उन सभी लड़कियों के नाम है, जो घरेलू हिंसा के खिलाफ खड़ी होकर अपने लिए आवाज उठाने का साहस रखती हैं।
बता दें कि हिसार की रहने वाली इंटरनेशनल बॉक्सर स्वीटी बूरा और इंटरनेशनल कबड्डी टीम के पूर्व कैप्टन व रोहतक निवासी दीपक हुड्डा की शादी 3 साल पहले हुई थी। दोनों ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में केस भी दर्ज करा रखा है। तलाक का मामला भी कोर्ट में विचाराधीन है।
स्वीटी और दीपक इस वक्त BJP नेता हैं। दीपक ने महम सीट से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन चुनाव हार गए थे। वहीं स्वीटी बरवाला सीट से टिकट मांग रही थीं लेकिन भाजपा ने इनकार कर दिया।

