उत्तर प्रदेश की एसटीएफ और बागपत पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया एक लाख का इनामी बदमाश संदीप लोहार पर गुरुग्राम में भी मामले दर्ज थे। पटौदी में हत्या और लाश खुर्दबुर्द करने और राजेंद्र पार्क थाने में वाहन चोरी का मामला रिकॉर्ड में दर्ज है।
संदीप लोहार के खिलाफ चार हत्याओं, लूट और अन्य अपराधों के 16 मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ 15 मुकदमे हरियाणा में दर्ज थे, जिनमें उसने लूट के लिए ट्रक चालकों की हत्या की थी। ट्रक ड्राइवरों में उसका खौफ था। उसकी क्रूरता के कारण उसे ‘साइको किलर’ भी कहा जाता था, जो लूट का विरोध करने वालों की बेरहमी से हत्या कर देता था।
वह मूल रूप से हरियाणा के रोहतक जिले के भैणी महाराज गांव का रहने वाला था। संदीप लोहार ने अपने गिरोह के साथ मिलकर 15 मई की रात कानपुर के पनकी में एक ट्रक से चार करोड़ रुपए की निकिल प्लेट लूटी थी। इस घटना के बाद से वह फरार था और उसकी तलाश में एसटीएफ लगी हुई थी। रविवार देर शाम को एसटीएफ को सूचना मिली कि संदीप बागपत के मवीकलां के पास छिपा हुआ है।
29 जनवरी 2014 को गांव ऊंचा माजरा में किसान मगतूं राम बताया था कि उसने अपने बाजरे की कटी हुई फसल पटौदी बिलासपुर रोड के नजदीक खेत में लगा दी थी। वह मजदूरों के साथ इस फसल को लोड करवा रहे थे। इसी दौरान इनके अंदर एक आदमी मृत हालत में मिला। जिसका शरीर फूला हुआ तथा फफूदी लगी हुई थी। मुहं व सिर भी गला हुआ था। गले मे मफलर था, जिससे प्रतीत होता था कि उसकी मफलर से गला घोटकर हत्या कर शव यहां दबा दिया।
बागपत के एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि सूचना के आधार पर एसटीएफ और बागपत कोतवाली पुलिस यमुना पुश्ते पर पहुंची। वहां संदीप के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान संदीप को पैर और छाती में दो गोलियां लगीं। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, बाइक और कारतूस बरामद किए। इस मुठभेड़ में एसटीएफ का सिपाही सुनील कुमार भी घायल हुआ, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है।
