हरियाणा में अब मौसम खुश्क रहने की संभावना है। प्रदेश में बुधवार रात से लेकर वीरवार सुबह तक 5 जिलों हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और फतेहाबाद में बरसात हुई थी। जिससे तापमान कम हुआ और लोगों को गर्मी से राहत मिली रही। वहीं अब मौसम साफ रहने के चलते गर्मी भी बढ़ सकती है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा में 6 जून से हवाओं में बदलाव उत्तरपूर्वी से पश्चिमी हवाएं हो जाने की संभावना है।
जिससे 6 जून से 9 जून तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी से बीच-बीच में हल्के बादल और कहीं-कहीं धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना है।
हरियाणा के अधिकतम तापमान में वीरवार को 2.2 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला रोहतक रहा। रोहतक का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
