ऑपरेशन शील्ड के तहत हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में अब 31 मई को मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट होगा। केंद्र सरकार ने मॉक ड्रिल के लिए नई तारीख तय की है। इससे पहले 29 मई को यानी गुरुवार को मॉक ड्रिल होनी थी। हालांकि बुधवार शाम को केंद्र सरकार ने इसे स्थगित कर दिया था।
इसमें हवाई हमलों से बचने का अभ्यास किया जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा और इमरजेंसी व्यवस्थाओं को भी जांचा जाएगा।
इससे पहले 7 मई को मॉक ड्रिल की गई थी। इस दौरान हवाई हमलों की चेतावनी के लिए सायरन बजाकर लोगों को आगाह किया गया था।
वैसे तो हरियाणा पाकिस्तान के बॉर्डर से सटा राज्य नहीं है, लेकिन पंजाब से सटा हुआ है। पंजाब के 6 जिलों के बॉर्डर पाकिस्तान से लगते हैं। वहीं, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने जब भारत पर ड्रोन और मिसाइलें दागीं तो एयरफोर्स के सिरसा एयरबेस को टारगेट करने की कोशिश की थी।
हालांकि, वह इसमें कामयाब नहीं रहा था। उसकी फतह-2 मिसाइल के सेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने आसमान में ही टुकड़े कर दिए थे। वहीं, अंबाला में भी ड्रोन अटैक का अलर्ट आया था। तब प्रशासन ने कहा था कि अंबाला से 70 किमी दूर ड्रोन दिखा था। हालांकि, वह अंबाला के करीब भी नहीं पहुंच पाया था।
