पूरा जिला जब चैन की नींद ले रहा था तब रोहतक पुलिस नशे के सौदागरों को धर पकड़ कर एक बहुत बड़ा अभियान चला रही थी। पुलिस की करीब दर्जन भर टीमों ने अलसुबह 4 बजे शहर के साथ-साथ कस्बों में भी छापेमारी अभियान चलाया। खास बात ये की पुलिस को इस अभियान को लेकर सीधे गृह मंत्रालय से आदेश मिले थे।
प्रदेश के करीबन सभी जिलों में इस तरह से छापेमारी की गई। रोहतक में योजना को इतने फूल प्रूफ तरीके से अंजाम दिया गया कि सोमवार आधी रात को ही एसपी को गृह मंत्रालय से सीधे आदेश मिले की नशे के खिलाफ रेड करने के लिए टीमें तैयार करें।
इसके करीब 4 घंटे के अंदर ये टीमें फील्ड में एक्शन के लिए उतर गईं। रेड के दौरान अलग-अलग जगह से दो महिलाओं समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनसे नशे की खेप बरामद हुई है। सभी के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं लाखनमाजरा थाना और महम थाना में भी नशे को लेकर केस दर्ज किए गए। दोनों लाखनमाजरा और चिड़ी में नशे की खेप मिली है।
दरअसल करीब 1 हफ्ते पहले पुलिस के आला अधिकारियों की गृह मंत्रालय के साथ मीटिंग हुई थी। इसी में पूरे प्रदेश में एक साथ नशे के सौदागरों पर एक्शन का प्लान बना था। खुद गृह मंत्री की ओर से छोपमारी का समय और दिन तय करने के बारे में फैसला लिया गया था। अब मंगलवार को एक्शन हुआ।
डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की टीमें ने नशा तस्करों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया। इसके तहत सिटी थाना पुलिस ने करतारपुरा इंदिरा कॉलोनी से सरोज को 200 ग्राम गांजा, करतारपुरा की सुनेहरी को 220 ग्राम गांजा, रैनकपुरा के जोगिंद्र को 8.30 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। थाना सांपला पुलिस ने वार्ड 2 के चांदीलाल को 200 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा। थाना लाखनमाजरा पुलिस ने चिड़ी के सोमबीर को 90 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा। पांचों मामलो में संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार अलसुबह 4 बजे शहर में पुलिस टीमों ने छापेमारी शुरू कर दी। करतारपुरा, रैनकपुरा, पाड़ा मोहल्ला, इंदिरा कॉलोनी एरिया समेत शहर में कई जगल पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान नशा तस्करों के घर भी खंगाले। अलग-अलग स्थानों से दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को काबू किया गया। इनके पास से 620 ग्राम गांजा,90 ग्राम अफीम, 8.30 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
