हरियाणा के पानीपत में मंगलवार दोपहर जीटी रोड स्थित बैंक में अचानक गोली चल गई। यह गोली पहले बैंक के कैश काउंटर पर लगी। फिर वहां RTGS कराने आए कस्टमर के पैर में जा लगी। जिससे उसके पैर से खून निकलने लगा और यह देख आसपास के कस्टमर और बैंक के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस बुलाई गई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि गोली बैंक के ही सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक से चली है। गोली चलने के बारे में बैंक के भीतर ही सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैंI घायल युवक को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां वह उपचाराधीन है। फायरिंग की आवाज आते ही बैंक में अफरातफरी मच गई। जिसके बाद तुरंत पुलिस को बुलाया गया।

जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे–44 यानी जीटी रोड पर पानीपत में बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच है। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे यहां सामान्य दिनों की तरह काम चल रहा था। तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। जैसे ही यह गोली वहां आए एक कस्टमर को लगी तो अफरातफरी मच गई। सब ये देखने लगे कि गोली कहां से चली। किसी को कुछ समझ नहीं आया तो तुरंत पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस ने आने के बाद जांच की तो पता चला कि यह गोली सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक से चली है। सिक्योरिटी गार्ड के पास लाइसेंसी बंदूक है। जिसके तुरंत बाद उसे हिरासत में ले लिया गया और पूछताछ शुरू कर दी गई। सिक्योरिटी गार्ड ने कहा कि गलती से उससे गोली चली है। उसने जानबूझकर गोली नहीं चलाई।

बैंक में मौजूद करण पूनिया ने मीडिया मे बताया कि यह सिर्फ एक हादसा था, इसके अलावा कुछ नहीं है। ये जो चाचा जी, यहां गनमैन का जॉब कर रहे है, इनके पट्टे से बंदूक नीचे गिर गई थी। जो दीवार से जा टकराई। जिसके बाद गोली चल गई। जिसे गोली लगी, उसको ये जानते नहीं है, जिंदगी में कभी मुलाकात नहीं हुई है। बस ये सिर्फ एक हादसा है। गार्ड बुजुर्ग आदमी हैं। इनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है।

मौके पर पहुंचे पानीपत सिटी थाने के SI कुलबीर सिंह के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बैंक में सिक्योरिटी गार्ड गेट के पास खड़ा था। उसके कंधे पर बंदूक लटकी हुई थी। वह बंदूक को कंधे पर लटकाने वाला पट्‌टा ठीक कर रहा था। इसी दौरान पट्टे का एक हुक खुल गया और बंदूक जमीन पर गिर गई। नीचे गिरते ही बंदूक से फायर हो गया। जो युवक के पंजे में लग गई। उसे रविंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत ठीक है। अभी जांच करेंगे कि बंदूक से 2 गोली चली हैं या एक चली है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि यह अचानक हादसा हुआ है लेकिन गार्ड ने लापरवाही बरती है। इस मामले में घायल के बयान लेकर कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!