गुरुग्राम। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर खेड़की दौला टोल प्लाजा से गुजरने वाले बड़े वाहन चालकों को अब ज्यादा शुल्क चुकाना होगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई ) ने टोल टैक्स की नई रेट लिस्ट जारी कर दी गई है। भारी वाहनों के लिए टोल टैक्स में पांच रुपये की बढ़ोतरी की गई है। प्रति सिंगल यात्रा पर यह बढ़ोतरी लागू होगी। इसके अलावा मासिक पास के रेट में भी बढ़ोतरी की गई है।
खेड़की दौला टोल से प्रतिदिन करीब सत्तर हजार वाहनों की आवाजाही होती है। अधिकतर वाहन मानेसर से दिल्ली या गुरुग्राम के बीच आवागमन करते हैं। खेड़की दौला टोल पर अन्य टोल प्लाजा की तरह 24 घंटे वाला नियम काम नहीं करता। यहां से अगर 85 रुपये चुका कर निकलते हैं और 24 घंटे में वापस आते हैं तो फिर से 85 रुपये देने होंगे। इस टोल प्लाजा पर हर महीने करीब छह हजार मासिक पास बनाए जा रहे हैं। छोटी गाड़ियों के मासिक पास में 20 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, बस अैर ट्रक के पास पर 95 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। निजी कार, जीप, वैन आदि के लिए 930 की जगह 950 रुपये में मासिक पास बनेगा। व्यवसायिक कार, जीप, वैन के लिए 30 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इनके चालकों को अब 1225 की जगह 1255 रुपये देने होगें। लाइट मोटर व्हीकल और मिनी बस का मासिक पास 1850 रुपये में बनेगा। वहीं, बस और ट्रक 2 एक्सएल का मासिक पास में 95 रुपये की बढ़ोतरी की है। अब यह पास 3675 की जगह 3770 रुपये में बनेगा।
कार का शुल्क 85 रुपए ही रखा
खेड़की दौला टोल प्लाजा को लंबे समय से शिफ्ट करने की लोग मांग कर रहे हैं। न्यू गुरुग्राम की सोसाइटियों में रहने वाले वाहन चालकों को प्रतिदिन जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है और शुल्क के रूप में आने जाने के लिए 170 रुपये का भुगतान करना पड़ता है। हाल ही में संसद की लेखा समिति ने भी यहां का निरीक्षण किया था। ताजा रेट लिस्ट में निजी कारों का शुल्क नहीं बढ़ाया गया है। पहले की तरह कारों को 85 रुपये का ही भुगतान करना होगा।
वर्जन
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर नियमानुसार वृद्धि की गई है। टोल टैक्स में यह वृद्धि 31 मार्च की आधी रात से लागू हो जाएगी। गुरुग्राम के खेड़की दौला प्लाजा पर कार के शुल्क को नहीं बढ़ाया गया है।
खेड़की दौला टोल प्लाजा की नई रेट लिस्ट:
निजी कार, जीप और वैन- 85
कमर्शियल कार, जीप, वैन-85
लाइट मोटर व्हीकल और मिनी बस- 125
बस और ट्रक (2 एक्सएल )- 255
मासिक पास के रेट
निजी कार, जीप और वैन-950
कमर्शियल कार, जीप, वैन-1255
लाइट मोटर व्हीकल और मिनी बस-1850
बस और ट्रक ( 2एक्सएल )-3770
मंथली पास 30 दिनों या 40 ट्रिप के लिए मान्य
महेंद्रगढ़ में दोनों टोल पर रेट बढ़े
महेंद्रगढ़ में हाईवे नंबर-148B पर सिरोही बहाली नांगल चौधरी में बने टोल और हाईवे नंबर-152D पर नारनौल के जाट गुवाना में टोल पर दरों में 5% बढ़ोतरी होगी। नेशनल हाईवे नंबर-148B पर अभी कार का एक साइड का टोल 135 रुपए है, जो अब 140 रुपए हो जाएगा। इसी प्रकार अपडाउन के ये 205 रुपए होंगे। वहीं मिनी बस का टोल 215 है, जो 225 रुपए हो जाएगा। अपडाउन के 335 रुपए होंगे।
दिल्ली-पटियाला हाईवे पर सफर महंगा दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर जींद में खटकड़ टोल प्लाजा पर 5 से 25 रुपए तक बढ़ाए गए हैं। खटकड़ टोल पर अब तक कार, जीप, वैन का एक तरफ का टोल 120 रुपए और दोनों तरफ का 180 रुपए है। 1 अप्रैल से कार, जीप, वैन के एक तरफ के 125 और दोनों तरफ के 185 रुपए लगेंगे। हल्के कॉमर्शियल वाहन का अभी टोल दोनों तरफ का 290 लग रहा है। 1 अप्रैल से पूरे 300 रुपए देने होंगे।
करनाल के घरौंडा टोल प्लाजा पर 5 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। अब कार, जीप और वैन का एक तरफ का टोल 195 रुपए होगा, जबकि आने-जाने का टोल 290 रुपए देना होगा। अगर कोई मासिक पास लेना चाहता है तो उसे 6425 रुपए चुकाने होंगे।
झज्जर जिले में कुल 5 टोल हैं, जिनमें से 2 KMP एक्सप्रेसवे पर बादली और मांडोठी में हैं। वहीं, सांपला रोड पर छारा, रोहतक रोड पर डीघल और सांपला बहादुरगढ़ रोड पर रोहद टोल हैं।
छारा टोल पर कार, जीप और वैन का सिंगल ट्रिप का टोल 75 और मल्टीपल टोल 110 रुपए है। सिंगल यात्रा के लिए एक महीने का पास 2435 रुपए का बनेगा। वहीं, कॉमर्शियल रजिस्टर्ड व्हीकल जो कि आसपास के 10 किलोमीटर के दायरे के हैं, उनके महीने के 350 रुपए लगेंगे।
हिसार में NHAI के 4 टोल प्लाजा हैं, जिनमें रामायण, लांधड़ी, बाडोपट्टी, चौधरीवास टोल शामिल हैं। टोल अधिकारियों के अनुसार केंद्र सरकार के निर्देशानुसार संचालन खर्च का आकलन किया जाता है, जिसके आधार पर हर साल टोल के रेट की समीक्षा होती है। 1 अप्रैल से नए रेट लागू किए जाते हैं। अब फिर से 5 प्रतिशत तक टोल महंगे हो सकते हैं।
लुधियाना में लाडोवाल टोल पर 1 अप्रैल से कार, जीप, वैन या हल्के मोटर वाहनों को 15 रुपए, हल्के कॉमर्शियल वाहनों को 25 रुपए और बस या ट्रक (2XL) व 3XL कॉमर्शियल वाहनों को 45 रुपए ज्यादा देने होंगे। इसके साथ भारी निर्माण मशीनरी और मल्टी XL वाहनों को 65 से 75 रुपए अतिरिक्त देने होंगे।
इसके साथ दादरी के मोरवाला टोल, अंबाला के शंभू टोल और रोहतक के मकड़ौली टोल प्लाजा की रेट लिस्ट अभी सामने नहीं आई है। सोनीपत के रोहट टोल, भिगान टोल, KMP टोल और KGP टोल प्लाजा की भी लिस्ट सामने नहीं आई है।
