रोहतक जिले में भारतीय जनता पार्टी का कल नया जिलाध्यक्ष मिल जाएगा। भाजपा के केंद्रीय चुनाव अधिकारी के निर्देशानुसार कार्यकर्ता 16 मार्च को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकते है। इसके बाद 4 बजे तक नामांकन की छंटनी होगी और 5 बजे तक नामांकन वापस लिए जाएंगे।
भाजपा की प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि भाजपा द्वारा प्रदेशभर में संगठनात्मक चुनाव करवाए जा रहे है। इसी के चलते कार्यकर्ताओं से जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन मांगे गए है। जो भी कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष पद के लिए काबिल होगा, उसका चयन किया जाएगा। 17 मार्च को सुबह 10 बजे जिलाध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।
एडवोकेट रणवीर ढाका को भाजपा ने करीब दो साल पहले जिलाध्यक्ष का दायित्व सौंपा था। उस समय जिलाध्यक्ष रहे अजय बंसल ने अचानक यह कार्यभार एडवोकेट रणवीर ढाका को दिया था। इसके बाद गत वर्ष भी दोबारा जिलाध्यक्ष का पद रणवीर ढाका को ही सौंपा गया। अब कल दोबारा रणवीर ढाका के नाम की ही घोषणा होगी या अन्य कोई जिलाध्यक्ष बनेगा, यह देखने वाली बात होगी।
भाजपा की प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को पूरा मान सम्मान दिया जाता है। एक छोटा सा कार्यकर्ता भी संगठन में बड़ा पद पा सकता है। जिलाध्यक्ष के लिए कोई भी कार्यकर्ता आवेदन कर सकता है। जो भी जिलाध्यक्ष पद के काबिल होगा, उसे जिलाध्यक्ष का पद सौंपा जाएगा।
