रोहतक में लोगों को वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर ठगी का शिकार बनाने के मामले सामने आ रहे है। लोगों को स्क्रीन पर फर्जी स्कोर दिखाकर झांसे में लिया जाता है। ऐसे में लोग अपनी जमा पूंजी को गंवा बैठते हैं। रोहतक पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
SP नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि साइबर अपराधियों द्वारा आजकल वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी की जा रही है। इस प्रकार की ठगी में घर बैठी महिलाओं व युवकों को ज्यादा टारगेट किया जाता है। साइबर ठग लोगों को एक क्लिक करने के नाम पर 50 रुपए मिलने का झांसा देकर अपने चुंगल में फंसाते है और उनके स्क्रीन पर इतना पैसा नजर आता है कि लालच बढ़ने लगता है।
SP नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि साइबर ठग स्क्रीन पर फर्जी स्कोर दिखाते हैं। इसके बाद किसी तरह की गलती करने का बहाना कर आपके सभी प्वाइंट खत्म होने की बात बोलते हैं। उसे रिकवर करने के लिए दूसरे खेल में पैसा लगाकर सदस्य बनाने की बात कहते हैं। इस प्रकार आमजन रुपयों का लालच देकर साइबर ठगों के झांसे में आ जाता है व अपनी कमाई गंवा बैठता है।
SP नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि लोग लालच से बचे व समझदारी से काम ले। ध्यान रखें कि कोई भी काम ऐसा नहीं है जिसमें क्लिक करने का पैसा मिले। ऐसे जालसाजों से बचे व उनके झांसे में ना आए। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है तो उसकी शिकायत तुरंत नेशनल साइबर कंप्लेंट पोर्टल नंबर 1930 पर कॉल करके दर्ज करवाए और www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाए।
SP नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि ठगी के शिकार लोग डायल 112 पर कॉल करके या कंप्लेंट पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवा सकते है। पीड़ित व्यक्ति नजदीक पुलिस स्टेशन में जाकर साइबर हेल्प डेस्क व साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवा सकता है।
