रोहतक में एक महिला से 86 हजार 446 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। महिला के पास अनजान नंबर से कॉल आया और ठग ने खुद को बैंक कर्मी बता कर क्रेडिट कार्ड एक्टिव करने का झांसा देकर महिला से ओटीपी पूछे। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से खरीददारी कर ली। पुलिस ने उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रोहतक के गांव रिठाल फोगाट की रहने वाली महिला रितेश रानी ने थाना सदर में साइबर ठगी की शिकायत में बताया कि वह फिलहाल लाढौत रोड रोहतक गुरूकुल भैयापुर के पास मे रहती है। 7 दिसंबर को उसके मोबाइल नंबर पर किसी अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने कहा कि वह ICICI बैंक से बोल रही है।
उसको बताया गया कि आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट 50 हजार रुपए हो गई है। इसे इस्तेमाल करना चाहते हैं तो आपको अपना क्रेडिट कार्ड एक्टिव करवाना पड़ेगा। क्रेडिट कार्ड को एक्टिव करवाने की बात कहकर झांसे में लिया। इसके लिए उसके पास OTP भेजा। दूसरी तरफ से धोखे में लेकर ओटीपी पूछ लिया।
महिला ने बताया कि ओटीपी बताने के बाद फोन पर मैसेज आया। इसमें क्रेडिट कार्ड से दो बार करके 43281 व 43165 रुपए की फ्लिपकार्ड पर शॉपिंग की गई। जबकि उसके द्वारा कोई भी शॉपिंग नहीं की गई। उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
